औरैया : आरक्षी भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न, 8640 में से 6665 अभ्यर्थी हुए शामिल

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : आरक्षी भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न, 8640 में से 6665 अभ्यर्थी हुए शामिल


औरैया, 08 जून (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में सोमवार को आयोजित आरक्षी भर्ती परीक्षा कड़े सुरक्षा इंतजामों और प्रशासनिक निगरानी के बीच शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा के लिए दोनों पालियों में कुल 8,640 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 6,665 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 1,975 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

सुबह आयोजित पहली पाली में 3,303 अभ्यर्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे और परीक्षा दी। वहीं दूसरी पाली में 3,362 परीक्षार्थियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। दोनों पालियों में उपस्थिति संतोषजनक रही, हालांकि बड़ी संख्या में अभ्यर्थी परीक्षा से गैरहाजिर भी रहे।

परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सक्रिय रहा।

जिलाधिकारी बृजेश कुमार तथा पुलिस अधीक्षक ने स्वयं कमान संभालते हुए विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षार्थियों की जांच प्रक्रिया तथा केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

परीक्षा केंद्रों के बाहर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। केंद्रों पर प्रवेश से पूर्व अभ्यर्थियों की गहन जांच की गई, जिससे परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता बनी रहे। पूरे दिन पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारी लगातार निगरानी में जुटे रहे।

शाम को परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्रों से निकले अभ्यर्थियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए यातायात व्यवस्था को सुचारु रखा गया। परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए रोडवेज बसों की व्यवस्था भी की गई। बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रोडवेज बसों के माध्यम से अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हुई तथा कहीं से किसी प्रकार की अव्यवस्था या शिकायत की सूचना प्राप्त नहीं हुई।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story