केराकत के ग्रैंड वेलकम होटल में पुलिस की डेढ़ घंटे तक छापेमारी, दो कारें कब्जे में

WhatsApp Channel Join Now
केराकत के ग्रैंड वेलकम होटल में पुलिस की डेढ़ घंटे तक छापेमारी, दो कारें कब्जे में


जौनपुर, 08 सितंबर (हि.स.)। जौनपुर में केराकत कोतवाली क्षेत्र के स्टेशन रोड स्थित ग्रैंड वेलकम होटल में मंगलवार शाम पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब डेढ़ घंटे तक छापेमारी की। शिकायत के आधार पर हुई कार्रवाई से होटल के आसपास हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

मंगलवार शाम करीब पांच बजे एसओजी टीम, क्षेत्राधिकारी केराकत अजय कुमार राय, कोतवाली प्रभारी अमरेन्द्र पांडेय समेत भारी पुलिस बल होटल पहुंचा। पुलिस ने होटल को चारों ओर से घेरकर मुख्य गेट बंद कर दिया। किसी बाहरी व्यक्ति और मीडियाकर्मी को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई।

पुलिस टीम ने होटल के कमरों और परिसर के विभिन्न हिस्सों की तलाशी ली। पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही होटल संचालक होटल बंद कर मौके से फरार हो गया। छापेमारी के दौरान होटल परिसर से दो चार पहिया वाहनों को पुलिस ने अपने कब्जे में लिया। इनमें एक अर्टिगा और एक स्विफ्ट कार शामिल हैं।

कार्रवाई के दौरान होटल से संदिग्ध नशीला पदार्थ मिलने और कुछ युवक-युवतियों के पकड़े जाने की चर्चा भी कस्बे में तेजी से फैल गई। हालांकि देर शाम तक पुलिस की ओर से किसी नशीले पदार्थ की बरामदगी अथवा हिरासत में लिए गए लोगों के संबंध में आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई थी।

करीब डेढ़ घंटे चली कार्रवाई के बाद पुलिस टीम वापस लौट गई। घटना के बाद स्टेशन रोड क्षेत्र में होटल की गतिविधियों को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। इस संबंध में जानकारी लेने पर क्षेत्राधिकारी केराकत अजय कुमार राय ने बताया कि शिकायत मिलने पर होटल में छापेमारी की गई है। मामले की जांच चल रही है। जांच पूरी होने के बाद बरामदगी और आगे की कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story