पुलिस कमिश्नर ने फेस दो थाना प्रभारी और क्षेत्रीय अभिसूचना इकाई के दीवान को किया निलम्बित
नोएडा, 10 अप्रैल (हि.स.)। कार्य में लापरवाही बरतने के मद्देनजर पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने थाना फेज-2 के प्रभारी निरीक्षक अवधेश प्रताप सिंह को निलम्बित कर दिया है। जबकि क्षेत्रीय अभिसूचना इकाई में तैनात एक हेड कांस्टेबल को भी निलम्बित किया गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बृहस्पतिवार की देर रात को पुलिस आयुक्त ने क्राइम मीटिंग ली। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि शुक्रवार को मजदूरों का वेतन वृद्धि को लेकर बड़ा आंदोलन हो रहा है। इस पर जब उन्होंने मातहत अधिकारियों से पूछा तो वे लोग कोई जवाब नहीं दे पाए। उन्होंने मीटिंग से ही कुछ बड़े अधिकारियों को बाहर निकाल दिया, जबकि थाना फेस-दो के प्रभारी निरीक्षक अवधेश प्रताप सिंह को निलम्बित कर दिया।
बताया जाता है कि क्षेत्रीय अभिसूचना विभाग के अधिकारियों को भी कड़ी फटकार पड़ी। क्षेत्रीय अभिसूचना इकाई के एक हेड कांस्टेबल को भी निलम्बित कर दिया गया है। पुलिस आयुक्त के इस कड़े रूख से पुलिस विभाग में हड़कम्प मचा हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

