दीपावली पर सर्राफा बाजारों में सादी वर्दी में तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी : दीपेंद्र नाथ चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
दीपावली पर सर्राफा बाजारों में सादी वर्दी में तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी : दीपेंद्र नाथ चौधरी


कानपुर, 01 नवंबर (हि.स.)। दीपावली पर सर्राफा बाजारों में सुरक्षा के लिए पुलिस की पैदल गश्त बढ़ाई जाएगी। बाजारों में पिकेट लगाने के साथ सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। व्यापारियों को दुकानों में सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा अलार्म दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। यह बातें रविवार को गोविंद नगर थाने में सर्राफा व्यापारियों के साथ हुई बैठक में पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने कहीं।

उन्होंने व्यापारियों से उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। दीपावली पर बाजारों में भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। उन्होंने व्यापारियों से यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की, ताकि बाजारों में जाम की स्थिति न बने। साथ ही दुकानों और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के इंतजामों पर विशेष ध्यान देने को कहा।

डीसीपी ने किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने को कहा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि त्योहार के दौरान पुलिस लगातार बाजारों में निगरानी रखेगी और सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। बैठक में सर्राफा व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन को सहयोग देने और दीपावली का पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने का भरोसा दिया। इस दौरान गोविंद नगर थाना प्रभारी सहित पुलिसकर्मी और बड़ी संख्या में सर्राफा व्यापारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770639 Articles

Share this story