एंटी चीयर्स के तहत खुले में शराब पीने वालों पर पुलिस की कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
एंटी चीयर्स के तहत खुले में शराब पीने वालों पर पुलिस की कार्रवाई


एंटी चीयर्स के तहत खुले में शराब पीने वालों पर पुलिस की कार्रवाई


एंटी चीयर्स के तहत खुले में शराब पीने वालों पर पुलिस की कार्रवाई


एंटी चीयर्स के तहत खुले में शराब पीने वालों पर पुलिस की कार्रवाई


गोरखपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। सार्वजनिक स्थानों पर खुले में शराब पीकर शांति एवं कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ गोरखपुर पुलिस ने सोमवार की शाम विशेष अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन में नगर क्षेत्र के 10 थाना क्षेत्रों में एक घंटे तक चले ‘ऑपरेशन एंटी चीयर्स’ के तहत पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख स्थानों और संभावित शराब सेवन वाले क्षेत्रों में सघन चेकिंग की।

पुलिस के अनुसार, शाम छह से सात बजे के बीच चलाए गए अभियान में कोतवाली, राजघाट, तिवारीपुर, कैण्ट, खोराबार, रामगढ़ताल, एम्स, गोरखनाथ, शाहपुर और गुलरिहा थाना पुलिस की टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। इस दौरान नगर क्षेत्र में कुल 65 स्थानों पर चेकिंग की गई और 753 व्यक्तियों को चेक किया गया।

अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर खुले में शराब पीते हुए पाए गए तथा शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाले 331 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 34 पुलिस एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस की इस कार्रवाई से सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों में हड़कंप की स्थिति रही।

इसके अतिरिक्त शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए धारा 170 बीएनएसएस के तहत एक अभियोग पंजीकृत कर दो व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। वहीं धारा 126/135 बीएनएसएस के तहत चार मुकदमे पंजीकृत करते हुए आठ व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने, नशे की हालत में उत्पात करने तथा आमजन की शांति एवं सुरक्षा प्रभावित करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस की ओर से सार्वजनिक स्थलों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए नियमित रूप से चेकिंग एवं कार्रवाई की जा रही है l

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story