जाइए, सब कुछ भूल, हर विधानसभा में खिलाइए कमल का फूल
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में केशव प्रसाद मौर्य ने रखा राजनीतिक प्रस्ताव
लखनऊ, 30 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा वर्ष 2017 की ऐतिहासिक विजय दोहराते हुए लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत की सरकार बनाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 325 से 350 सीटें जीतने का लक्ष्य लेकर व्यक्तिगत आकांक्षाओं और मतभेदों से ऊपर उठकर चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
मौर्य ने कहा, “जाइए, सब कुछ भूल, हर विधानसभा में खिलाइए कमल का फूल। टिकट चाहे जिसे मिले, कमल का फूल जरूर खिले।” उन्होंने कहा कि टिकट मांगना कार्यकर्ता की स्वाभाविक आकांक्षा है, लेकिन संगठन की विजय सर्वाेपरि होनी चाहिए। सांसदों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों के बीच समन्वय तथा बूथ स्तर तक एकजुटता ही ऐतिहासिक विजय का आधार बनेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से हाथ उठवाकर भाजपा की विजय का संकल्प भी दिलाया।
समाजवादी पार्टी पर प्रहार करते हुए मौर्य ने कहा कि “सपा समाजवादी नहीं, परिवारवादी पार्टी है। भाजपा सबका साथ, सबका विकास की राजनीति करती है, जबकि सपा की राजनीति परिवार के हितों तक सीमित है।” उन्होंने आरोप लगाया कि सपा का पीडीए नारा पिछड़ों, दलितों और वंचितों के सशक्तीकरण के बजाय परिवारवाद की राजनीति का माध्यम है।
श्री मौर्य ने कहा कि भाजपा जनसेवा, सुशासन, पारदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध है। “2027 में 2017 दोहराना है, हर विधानसभा में कमल खिलाना है” का आह्वान करते हुए उन्होंने राजनीतिक प्रस्ताव प्रदेश कार्यसमिति के समक्ष विचारार्थ एवं अनुमोदनार्थ प्रस्तुत किया।
सपा की राजनीति जातिवाद तुष्टीकरण और दुष्प्रचार तक सीमित: ब्रजेश पाठक
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा प्रस्तुत राजनीतिक प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 2017 के बाद उत्तर प्रदेश में आमूलचूल परिवर्तन हुआ है। प्रदेश गुंडाराज, भ्रष्टाचार और अराजकता से निकलकर विकास, सुशासन और निवेश का प्रमुख केंद्र बन चुका है। पाठक ने कहा कि राजनीतिक प्रस्ताव प्रदेश की विकास यात्रा का व्यापक दस्तावेज है। भाजपा सरकार ने अपने संकल्प पत्र के अनुरूप प्रदेश की 25 करोड़ जनता के कल्याण को प्राथमिकता दी है।
समाजवादी पार्टी पर प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि सपा के पास विकास का कोई विजन नहीं है। उसकी राजनीति जातिवाद, तुष्टीकरण और दुष्प्रचार तक सीमित है। भाजपा उत्तर प्रदेश को जातियों में बंटने नहीं देगी।
भाजपा के लिए राजनीति सत्ता प्राप्ति का साधन नहीं: अनुपमा जायसवाल
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में पूर्व मंत्री एवं विधायक अनुपमा जायसवाल ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा प्रस्तुत राजनीतिक प्रस्ताव का पुरजोर समर्थन करते हुए कहा कि भाजपा के लिए राजनीति सत्ता प्राप्ति का साधन नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का माध्यम है। राष्ट्र प्रथम, संगठन सर्वाेपरि और जनसेवा भाजपा की कार्यसंस्कृति का आधार हैं।
महिला सशक्तीकरण पर उन्होंने कहा कि “यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः” की भावना के अनुरूप नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, स्वाभिमान और राजनीतिक भागीदारी की ऐतिहासिक पहल है।
श्रीमती जायसवाल ने अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर निर्माण और रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को सांस्कृतिक पुनर्जागरण का ऐतिहासिक अध्याय बताया। उन्होंने काशी, मथुरा, चित्रकूट, कुशीनगर और नैमिषारण्य के विकास का भी उल्लेख किया।
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री कमलेश पासवान ने राजनीतिक प्रस्ताव का अनुमोदन करते हुए कहा कि भाजपा की ऐतिहासिक चुनावी सफलताओं का वास्तविक आधार समर्पित बूथ कार्यकर्ता हैं।
उन्होंने कहा कि “मेरा बूथ, सबसे मजबूत” केवल नारा नहीं, बल्कि भाजपा की संगठनात्मक कार्यसंस्कृति और विजय का मूलमंत्र है। कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत आकांक्षाओं से ऊपर उठकर बूथ, शक्ति केंद्र, मंडल और जिला स्तर पर संगठन को मजबूत करना होगा। श्री पासवान ने कहा कि आगामी चुनाव के लिए समय सीमित है। सभी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता आपसी समन्वय, घर-घर संपर्क और सामूहिक प्रयासों से चुनावी तैयारियों में जुटें।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

