पीएम के ‘खेलो इंडिया संवाद’ में एमपी महाविद्यालय की होगी सहभागिता
गोरखपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। महाराणा प्रताप महाविद्यालय जंगल धूसड़, गोरखपुर के लिए यह गौरवपूर्ण उपलब्धि है कि महाविद्यालय को माय भारत–राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित होने वाले खेलो इंडिया संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के युवाओं के साथ प्रस्तावित वर्चुअल संवाद से जोड़ा गया है।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के युवा कार्यक्रम विभाग तथा राष्ट्रीय सेवा योजना क्षेत्रीय निदेशालय, लखनऊ से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार 27 अगस्त को देश के विभिन्न जिलों में ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया जाना है। इसी क्रम में महाराणा प्रताप महाविद्यालय जंगल धूसड़ को भी कार्यक्रम से जोड़ा गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल, फिटनेस तथा युवाओं के नेतृत्व में राष्ट्र-निर्माण के राष्ट्रीय लक्ष्यों से जोड़ना है। प्रस्तावित संवाद के माध्यम से प्रधानमंत्री द्वारा युवाओं को महान खिलाड़ियों, केंद्रीय एवं राज्य मंत्रियों, युवा मामलों से जुड़े प्रतिनिधियों तथा खेल मंत्रियों और सांसदों के साथ संवाद का अवसर प्रदान किया जाएगा।
महाविद्यालय में इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम के आयोजन को लेकर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की सक्रिय एवं शत-प्रतिशत सहभागिता सुनिश्चित करने, माय भारत पोर्टल पर कार्यक्रम की प्रविष्टि करने तथा स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार की योजना बनाई जा रही है। कार्यक्रम के उपरांत आयोजन की आख्या एवं फोटोग्राफ भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार तैयार किए जाएंगे। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. मनीष कुमार त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के साथ प्रस्तावित वर्चुअल संवाद से विद्यार्थियों को खेल, फिटनेस, अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्र-निर्माण के प्रति नई प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय युवाओं में स्वस्थ जीवनशैली, खेल भावना और राष्ट्रीय चेतना विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

