सीएम योगी की माताजी के निधन पर पीएम मोदी ने जताया गहरा दुख, दी सांत्वना 

WhatsApp Channel Join Now

 सीएम योगी की मां के निधन पर देशभर में शोक की लहर, पक्ष-विपक्ष के वरिष्ठ नेताओं ने जताई संवेदना

गृहमंत्री अमित शाह और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने जताया दुख, मां के जाने को बताया अपूरणीय क्षति

भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन, बसपा अध्यक्ष मायावती और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी जताया शोक

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक ने दी श्रद्धांजलि  

सभी नेताओं ने शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से की प्रार्थना

लखनऊ, 20 नवंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता श्रीमती सावित्री देवी निधन से देश में शोक की लहर है। उत्तराखंड के पौड़ी जिले के पंचूर गांव में उन्होंने शुक्रवार को 91 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। इसकी सूचना मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीएम योगी से फोन पर बात कर सांत्वना दी। उन्होंने माता के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत सत्ता पक्ष और विपक्ष के कई वरिष्ठ नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया। सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट के जरिए नेताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं। 

मां का जाना जीवन की ऐसी क्षति, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं

गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की माताजी श्रीमती सावित्री देवी जी का निधन अत्यंत दुःखद है। मां का जाना जीवन की वह क्षति है, जिसकी भरपाई कभी संभव नहीं होती। दुःख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं योगी जी और समस्त शोक संतप्त परिवार के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।

 मां का साया उठना जीवन का सबसे बड़ा और असहनीय आघात

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी जी के स्वर्गवास का समाचार सुनकर मुझे दुख की अनुभूति हुई है। जीवन के किसी भी पड़ाव पर मां का साया उठ जाना सबसे बड़ा और असहनीय आघात होता है। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं योगी जी और समस्त परिवार के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।

मां का स्नेह और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी, उनका जाना अपूरणीय क्षति

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह ने दुख व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। बाबा केदार से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा सीएम योगी सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

डिप्टी सीएम केशव और ब्रजेश पाठक ने जताया दुःख

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, मा. मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की पूजनीय माताजी श्रीमती सावित्री देवी जी के स्वर्गवास का समाचार अत्यंत दुःखद है। इस कठिन घड़ी में मेरी गहन संवेदनाएं मा. मुख्यमंत्री जी एवं समस्त शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। पूज्य माताजी को विनम्र श्रद्धांजलि! मां का स्नेह और आशीर्वाद जीवन की वह अनमोल पूंजी है, जो हर कठिन समय में संबल देती है। उनका साया सिर से उठ जाना जीवन की ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। प्रभु श्रीराम जी से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक-संतप्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की परम पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी जी के निधन की सूचना अत्यंत दुःखद, हृदयविदारक एवं पीड़ादायक है। मां का स्नेह, आशीर्वाद और सान्निध्य जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। मां का जाना ऐसी अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई जीवन में कभी संभव नहीं। दुःख की इस अत्यंत कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं माननीय मुख्यमंत्री जी एवं समस्त शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीहरि जी से प्रार्थना है कि गोलोकवासी पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा समस्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति एवं धैर्य प्रदान करें। ॐ शांति!!!

नितिन नबीन, मायावती, अखिलेश समेत दिग्गजों ने जताया शोक, व्यक्त कीं संवेदनाएं

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की पूज्य माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है। मां का साया जीवन का बहुत बड़ा संबल होता है। उनके जाने से उपजे दुःख को शब्दों में व्यक्त करना संभव नहीं है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा योगी आदित्यनाथ जी एवं समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ॐ शांति!

बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री योगी आदित्यनाथ जी की माता श्रीमती सावित्री देवी का आज उनके गांव में निधन हो जाने की ख़बर अति-दुखद। उनके परिवार सहित सभी रिश्तेदारों आदि के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कुदरत उन सबको इस दुख को सहन करने की शक्ति दे। 
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, उप्र के मुख्यमंत्री जी की पूज्य माता जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। विनम्र श्रद्धांजलि के साथ उनकी आत्मा की शांति के लिए हम प्रार्थना करते हैं। शोक संतप्त परिजनों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं। 

उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर लिखा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदय को व्यथित करने वाला है। मां का साया उठना जीवन की ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती। दुःख की इस कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं मुख्यमंत्री एवं समस्त शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा मुख्यमंत्री व समस्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने का संबल प्रदान करें।

गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन ने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदय को व्यथित करने वाला है। दुःख की इस कठिन घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएं मुख्यमंत्री एवं समस्त शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा मुख्यमंत्री जी व समस्त परिजनों को इस अपार दुःख को सहन करने का संबल प्रदान करें।

Live VNS Desk
Live VNS Desk

23733 Articles

Trusted Journalism | Unbiased Reporting | Responsible Editorial Team Since 2013, Live VNS Desk has been committed to delivering fair, factual, and public-interest journalism. Our experienced editorial team oversees the selection, writing, editing, verification, and publication of news content, ensuring accuracy, credibility, and editorial integrity. In today's evolving digital landscape, we embrace modern technology, including Artificial Intelligence (AI), whenever appropriate. However, AI is used solely to assist with content writing, language refinement, and editorial efficiency?not to manipulate facts, spread misinformation, or promote any particular political or ideological agenda. Our principle is simple: Technology can assist journalism, but editorial responsibility must always remain with humans. Every piece of content, including AI-assisted material, is subject to human editorial oversight to maintain journalistic standards. our mission is to provide readers with accurate, balanced, credible, and impartial news. We prioritize facts over sensationalism, transparency over manipulation, and public interest above all else

Share this story