मोदी के जन्मदिन पर बांदा में सेवा संकल्प अभियान का आगाज, जगह-जगह जले दीप
बांदा, 17 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76वां जन्मदिन उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उत्साह के साथ मनाया। इस अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ किया गया। जिले के विभिन्न गांवों, घरों, चौराहों और स्कूलों में दीप जलाकर प्रधानमंत्री की लंबी आयु की कामना की गई।
ऋषि बामदेव के बाम्बेश्वर मंदिर, माहेश्वरी देवी मंदिर, संकट मोचन मंदिर, महाराणा प्रताप चौक, अवंती बाई चौराहा और राजा खेत सिंह चौराहे पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए। इस दौरान केक काटकर और आतिशबाजी कर जन्मदिन मनाया गया तथा प्रधानमंत्री के जन्मदिन के गीत भी गाए गए।
कार्यक्रमों में सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी, नगर पालिका अध्यक्ष मालती बासु समेत भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सेवा दिवस के अवसर पर जिला अस्पताल और रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। मरीजों को फल वितरित करने के साथ वृद्धाश्रम में बुजुर्गों को भी फल बांटे गए। जलशक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद समेत जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।
विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत 77 लाभार्थियों को टूल किट वितरित की गईं। इनमें दर्जी के 52, हलवाई के 20, राजमिस्त्री के चार और लोहार के एक लाभार्थी शामिल हैं। अभियान के दौरान जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने और सेवा, समर्पण तथा विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
शाम सात बजे से जिले के लोगों से अपने घरों में दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा और समर्पण के संकल्प के रूप में मनाया। सरकारी भवनों पर दीपोत्सव और आकर्षक रोशनी भी की गई। यह जानकारी भारतीय जनता पार्टी के मीडिया प्रभारी उत्तम सक्सेना ने दी।
---------------
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

