प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से 15,083 महिलाओं को मिला लाभ

WhatsApp Channel Join Now
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से 15,083 महिलाओं को मिला लाभ


पहली बार गर्भवती होने पर पांच हजार और दूसरी बार बालिका के जन्म पर मिलते हैं छह हजार रुपये

औरैया, 16 अक्टूबर (हि . स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से जनपद की गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। योजना के तहत अब तक जिले में 17,058 लाभार्थियों का ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण कराया गया है, जिनमें से 15,083 लाभार्थियों के खातों में योजना की धनराशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की जा चुकी है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेन्द्र कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना भारत सरकार की महत्वपूर्ण योजना है। इसका उद्देश्य गर्भवती महिलाओं एवं धात्री माताओं के स्वास्थ्य और पोषण में सुधार करना, गर्भावस्था तथा प्रसव के बाद पर्याप्त पोषण एवं देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाना और बालिका के जन्म के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना है।

उन्होंने बताया कि पहले इस योजना का संचालन स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से किया जा रहा था। मार्च 2024 में योजना को बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग को हस्तांतरित कर दिया गया। वर्तमान में विभाग की ओर से योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है।

योजना के अंतर्गत पहली बार गर्भवती होने वाली पात्र महिला को दो किश्तों में कुल पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। वहीं, दूसरी बार बालिका संतान के जन्म पर पात्र लाभार्थी को एकमुश्त छह हजार रुपये दिए जाते हैं। यह धनराशि भारत सरकार की ओर से सीधे लाभार्थी के आधार सीडेड बैंक खाते में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से भेजी जाती है।

जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि योजना से महिलाओं को मातृत्व संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में आर्थिक सहयोग मिल रहा है। साथ ही उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं अपनाने, पर्याप्त पोषण लेने और गर्भावस्था के दौरान जरूरी देखभाल के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है, जिससे जनपद के सभी पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कराकर उन्हें योजना का लाभ दिलाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761846 Articles

Share this story