फतेहपुर के 523 लाभार्थियों को मिली पीएम आवास की पहली किस्त

WhatsApp Channel Join Now
फतेहपुर के 523 लाभार्थियों को मिली पीएम आवास की पहली किस्त


फतेहपुर, 16 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सोमवार को प्रधानमंत्री आवास योजना–शहरी 2.0 के अंतर्गत प्रदेश के 90 हजार लाभार्थियों के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से प्रथम किस्त के 900 करोड़ रुपये की अनुदान राशि का अंतरण मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा लखनऊ से रिमोट का बटन दबाकर किया गया।

कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में विधायक जहानाबाद राजेन्द्र सिंह पटेल, जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह, प्रशिक्षु आईएएस नौशीन, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सुनील कुमार, नगर पंचायत अध्यक्ष खखरेरू, असोथर, प्रभारी अधिकारी डूडा एवं लाभार्थियों की उपस्थिति में देखा व सुना गया।

जिले के नगर पंचायत खखरेरू की माया देवी से मुख्यमंत्री को वर्चुअली बात कर अपने जीवन के रहन–सहन और आय के श्रोतों, योजनाओं से लाभ आदि के बारे में जानकारी दी, आवास के लिए प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को धन्यवाद भी दिया।

आवास के लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के प्रथम किस्त के रूप में एक–एक लाख रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से उनके खाते में भेजी गई। जनपद में प्रधानमंत्री आवास योजना के 523 लाभार्थियों (नगर पालिका परिषद सदर –16, नगर पालिका परिषद बिन्दकी–69, नगर पंचायत असोथर–03, नगर पंचायत कोड़ा जहानाबाद–01, नगर पंचायत खागा–294, नगर पंचायत खखरेरू –04, नगर पंचायत कारीकान धाता–135, नगर पंचायत हथगाम–01) के खाते में एक–एक लाख रुपये की राशि दी गई।

विधायक जहानाबाद ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के लाभार्थियों से कहा कि डबल इंजन की सरकार सबका साथ सबका विकास सबका सम्मान करते हुए बिना भेदभाव के पारदर्शिता के साथ सरकार की योजनाओं से लाभान्वित कर रही है। योजनाओं का लाभ धरातल में स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है, हमारी डबल इंजन की सरकार में दलित, वंचितों के जीवन स्तर में निरंतर सुधार हो रहा है, जब समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का उत्थान होगा तो देश को विकसित राष्ट्र बनाने से कोई रोक नहीं सकता है।

उन्होंने लाभार्थियों से कहा कि अब आवास मिल गया है, अपने बच्चों को शिक्षा अवश्य दिलाए, क्योंकि शिक्षा के माध्यम से ही विकास संभव है और हमारी सरकार निःशुल्क शिक्षा भी प्रदान कर रही है। अपने बच्चों को शिक्षित बनाए और आगे बढ़े।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

Share this story