छोटे लोहिया' जनेश्वर मिश्र की जयंती पर सपा कार्यकर्ताओं ने किया नमन

WhatsApp Channel Join Now
छोटे लोहिया' जनेश्वर मिश्र की जयंती पर सपा कार्यकर्ताओं ने किया नमन


छोटे लोहिया' जनेश्वर मिश्र की जयंती पर सपा कार्यकर्ताओं ने किया नमन


गोरखपुर, 05 अगस्त (हि.स.)। समाजवादी पार्टी के बेतियाहाता स्थित जिला कार्यालय पर बुधवार को समाजवादी आंदोलन के प्रखर नायक स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र की जयंती श्रद्धा, सम्मान और वैचारिक प्रतिबद्धता के साथ मनाई गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम ने की, जबकि संचालन महानगर अध्यक्ष शब्बीर कुरैशी एवं जिला महासचिव रामनाथ यादव ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजवादी चिंतक दीपक मिश्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुआ। उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए समाजवादी मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर जनेश्वर मिश्र के जीवन और विचारों पर आधारित एक स्मारिका का विमोचन भी मुख्य अतिथि दीपक मिश्रा ने किया। दीपक मिश्रा तथा जिलाध्यक्ष ब्रजेश कुमार गौतम ने अपने संबोधन में कहा कि स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र ने जीवनभर अन्याय, शोषण और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष किया। उन्होंने निजी जीवन और पारिवारिक सुख-सुविधाओं से ऊपर उठकर समाजवादी विचारधारा के विस्तार और सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। वक्ताओं ने कहा कि जनेश्वर मिश्र ने पूंजीवादी व्यवस्था के विरुद्ध संघर्ष करते हुए समाजवादी व्यवस्था को भारतीय राजनीति में स्थापित करने का निरंतर प्रयास किया।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

Share this story