पौधरोपण महायज्ञ : 04 बजे तक प्रदेश भर में लगाये गये 30 कराेड़ पौधे

WhatsApp Channel Join Now
पौधरोपण महायज्ञ : 04 बजे तक प्रदेश भर में लगाये गये 30 कराेड़ पौधे


पौधरोपण महायज्ञ : 04 बजे तक प्रदेश भर में लगाये गये 30 कराेड़ पौधे


लखनऊ, 12 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे पर भगवानपुर टोल प्लाजा के समीप नीम, पीपल, बरगद के पौधे लगाकर पौधरोपण महायज्ञ 2026 का शुभारम्भ किया। पौधरोपण कर मुख्यमंत्री ने सेल्फी भी ली। पौधरोपण महायज्ञ 2026 के अवसर पर आयोजित जनसभा के मंच से मुख्यमंत्री ने ‘उत्तर प्रदेश के नौ वर्ष की हरित गाथा’ लघु फिल्म और ‘वानिकी कैलेंडर’ का विमोचन किया।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने झांसी, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक व प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने लखनऊ,प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने लखनऊ के अम्बेडकर विश्वविद्यालय,कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने देवरिया,जल शक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने जालौन,कैबिनेट मंत्री भूपेन्द्र चौधरी ने मुरादाबाद और नंदगोपाल नंदी ने प्रयागराज में पौधरोपण किया। प्रदेशभर में पौधरोपण सायं 06 बजे तक चलेगा। वन विभाग के अनुसार सायं 04 बजे तक प्रदेशभर में 30 कराेड़ पौधे लगाये गये।

गोरखपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पौधरोपण महाभियान धरती माता के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का महायज्ञ है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत नौ वर्षों में प्रदेश में भौतिक विकास की रफ्तार तेज होने के साथ ही वनाच्छादन का भी विस्तार हुआ है। गोरखनाथ मंदिर लौटते समय सीएम ने आरकेबीके के पास ताल रिंग रोड के किनारे भी मौलश्री का पौधा रोपित किया।

पौधा लगाकर देखभाल भी करें

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें न सिर्फ पौधे लगाने हैं, बल्कि उनकी उचित देखभाल भी करनी है। जिन किसानों ने अपने खेत में पेड़ लगाए हैं, उन्हें कार्बन क्रेडिट फाइनेंस स्कीम के अंतर्गत पैसा भी प्राप्त होता है। मुख्यमंत्री ने हर व्यक्ति से ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का हिस्सा बनने की अपील करते हुए कहा कि अपने पूर्वजों व परिजनों की स्मृति में और परिवार के सदस्यों के नाम से एक पौधा अवश्य लगाएं।

'माता भूमिः पुत्रो अहं पृथिव्या:'

मुख्यमंत्री ने पौधरोपण महाभियान को धरती माता के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का महायज्ञ बताया और इसमें हर व्यक्ति की तरफ से योगदान दिए जाने की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि धरती माता हम सबको अच्छा वातावरण देती हैं। आगे बढ़ने का अवसर, पेट भरने को अन्न, अच्छे-अच्छे फल, पीने के लिए जल देने के साथ घर की सभी आवश्यकताओं की पूर्ति करती हैं। धरती माता के बारे में हमारे ऋषियों ने संकल्प भाव से कहा है- 'माता भूमिः पुत्रो अहं पृथिव्या:', अर्थात यह धरती हमारी माता हैं और हम सब इसके पुत्र हैं।

सीएम ने किया पौध वितरण, किसानों को सौंपे प्रमाण-पत्र

कार्यक्रम के दौरान योगी ने मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास योजना की लाभार्थी गीता देवी, मधुरा, इशरावती, शीला, कालिंदी को घर के सामने रोपने के लिए सहजन के पौधे भेंट किए। उन्होंने कार्बन क्रेडिट फाइनेंस योजना के अंतर्गत 700 से अधिक पौधरोपण करने वाले नरपति (कैम्पियरगंज गोरखपुर), 650 से अधिक पौधरोपण करने वाले अशफाक खान (देसही देवरिया), 800 पौधरोपण करने वाली रंजना देवी (हाटा कुशीनगर) और 850 पौधे लगाने के लिए अरविंद कुमार (पडरौना कुशीनगर) को कार्बन क्रेडिट के लिए मिलने वाली राशि का प्रमाण-पत्र सौंपा।

सीएम योगी के मार्गदर्शन में यूपी में बढ़ी हरियाली: वनमंत्री

कार्यक्रम में वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी के मार्गदर्शन में यूपी में हरियाली बढ़ी है। फॉरेस्ट सर्वे ऑफ इंडिया देहरादून की रिपोर्ट के अनुसार देश में ग्रीनरी वृद्धि के मामले में उत्तर प्रदेश प्रगति करते हुए दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। डा. अरूण सक्सेना ने कहा कि पौधरोपण पूर्ण होते ही यूपी में पिछले 10 सालों में पौधरोपण की कुल संख्या 275 करोड़ हो जाएगी। इस बार के पौधरोपण महाभियान में 30 प्रतिशत फलदार पौधे लगाए जा रहे हैं।

इन पौधों का किया गया रोपण

वृक्षारोपण महायज्ञ के तहत पीपल,बरगद,पाकड़,गूलर,आम,इमली,सहजन,गुलमोहर,आम,इमली,जामुन,महुआ,शीशम व नीम सहित फलदार व छाया देने वाले पौधे लगाये गये।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story