सैलानियों के लिए खुला पीलीभीत टाइगर रिजर्व, यूके व ऑस्ट्रेलिया से पहुंचे पर्यटक

WhatsApp Channel Join Now
सैलानियों के लिए खुला पीलीभीत टाइगर रिजर्व, यूके व ऑस्ट्रेलिया से पहुंचे पर्यटक


लखनऊ, 01 नवंबर (हि.स.)। पीलीभीत टाइगर रिजर्व का नया पर्यटन सत्र रविवार को सैलानियों के लिए आधिकारिक तौर पर खोल दिया गया है। वन व पर्यावरण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा. अरुण कुमार सक्सेना ने सफारी गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। खास बात यह रही कि सत्र के पहले दिन ही ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका और यूके जैसे देशों से विदेशी पर्यटक पीलीभीत पहुंचे।

राज्य मंत्री तथा वन अधिकारियों ने चूका तक जंगल सफारी की और वापस मुस्तफाबाद आए। वन मंत्री ने इस अवसर पर इस पर्यटन सत्र की पहली गाड़ी को रवाना किया। उन्होंने पीलीभीत टाइगर रिजर्व के लिए शहर के उद्योगपति अश्विनी अग्रवाल द्वारा उपलब्ध कराए गए कागज के थैलों का भी विमोचन किया। इसके अतिरिक्त, उन्होंने सप्त सरोवर पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म का भी लोकार्पण किया।

सैलानियों के लिए खास इंतजाम

वर्ष 2014 में टाइगर रिजर्व घोषित हुआ पीलीभीत अब देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी अपनी खास पहचान बना रहा है। जंगलों में बढ़ती बाघों की संख्या और तराई के सुंदर नज़ारे सैलानियों को लगातार अपनी ओर खींच रहे हैं। इस बार पर्यटकों के लिए कई खास इंतजाम किए गए हैं, जिसमें सैलानी अब घर बैठे ऑनलाइन बुकिंग के जरिए सफारी का आनंद ले सकते हैं। इसके साथ ही पर्यटकों के ठहरने के लिए थारू हट, वाटर हट और ट्री हट की सुविधा शुरू की गई है। वन्यजीव प्रेमियों के लिए सप्त सरोवर पर एक नई कैंटीन भी खोली गई है, जहां पर्यटकों को खास बंगाली व्यंजनों का स्वाद चखाने की व्यवस्था की गई है। प्रवेश द्वार से लेकर जंगलों तक भारी उत्साह का माहौल है और आलम यह है कि सत्र के पहले दिन से लेकर 9 नवंबर तक की सभी बुकिंग पहले ही फुल हो चुकी हैं। विदेशी मेहमानों और फिल्म जगत से जुड़े निर्देशकों की मौजूदगी ने इस बार के सत्र को और भी खास बना दिया है।

इस अवसर पर बरखेड़ा के विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, पूरनपुर के विधायक बाबूराम पासवान और बीसलपुर के विधायक विवेक वर्मा भी उपस्थित रहे। इनके अलावा प्रधान मुख्य वन संरक्षक सुनील चौधरी, प्रभागीय निदेशक बरेली प्रखर गुप्ता, प्रभागीय निदेशक पीलीभीत भारत कुमार सहित अनेक प्रमुख वन अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770742 Articles

Share this story