सड़क हादसे में पिकअप चालक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
सड़क हादसे में पिकअप चालक की मौत


हाथरस, 07 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस में आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में छोटा हाथी (मैक्स पिकअप) चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा गांव रूहेरी के पास ओवरब्रिज के नीचे हुआ, जहां तेज रफ्तार 10 टायरा ट्रक ने छोटा हाथी वाहन को जोरदार टक्कर मार दी।

मृतक की पहचान खुर्जा निवासी 35 वर्षीय रिजवान पुत्र मेहरबान के रूप में हुई है। बताया गया कि रिजवान आगरा से छोटा हाथी वाहन लेकर खुर्जा लौट रहा था। उसके साथ वाहन में बिलाल भी मौजूद था, जो हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि छोटा हाथी वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। पुलिस ने घायल बिलाल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। वहीं, मृतक रिजवान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है। थाना प्रभारी ने मंगलवार काे बताया कि जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story