स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं बनेंगी आत्मनिर्भर, इनकी निर्मित फिनायल खरीदेंगे सरकारी कार्यालय

WhatsApp Channel Join Now
स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं बनेंगी आत्मनिर्भर, इनकी निर्मित फिनायल खरीदेंगे सरकारी कार्यालय


जौनपुर, 27 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक अहम पहल की गई है। अब स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) द्वारा निर्मित फिनायल का उपयोग सरकारी विभागों के कार्यालयों में किया जाएगा। इस कदम से जहां एक ओर महिलाओं को स्थायी बाजार मिलेगा, वहीं उनके उत्पादों को भी नई पहचान मिलेगी।

जिले में लगभग 18 हजार स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं, जिनसे करीब पौने दो लाख महिलाएं जुड़ी हुई हैं। ये महिलाएं आचार, नमकीन सहित कई घरेलू उत्पादों के साथ अब फिनायल जैसे उपयोगी उत्पाद भी तैयार कर रही हैं। उनके उत्पादों की गुणवत्ता को देखते हुए प्रशासन ने इन्हें सरकारी उपयोग में लाने का निर्णय लिया है। एनआरएलएम के तहत इन समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की आपूर्ति सरकारी विभागों में सुनिश्चित करने की योजना बनाई गई है। इसके लिए संबंधित विभागों और समूहों के बीच औपचारिक अनुबंध किए जाएंगे। अब तक सरकारी कार्यालय साफ-सफाई के लिए फिनायल बाहरी बाजार से खरीदते थे, लेकिन अब यह जिम्मेदारी समूह की महिलाओं को दी जाएगी।

इस संबंध में शुक्रवार को हिंदुस्थान समाचार प्रतिनिधि से बात करते हुए एनआरएलएम के उपायुक्त जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बड़ी संख्या में महिलाएं फिनायल निर्माण में लगी हैं। उनकी सूची तैयार की जा रही है और आपूर्ति व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसके साथ ही महिलाओं को विभिन्न प्रकार के प्रशिक्षण भी दिए जा रहे हैं, जिससे उनकी कार्यक्षमता और बढ़े।

--------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story