पीएचडी प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न, शोध के प्रति छात्रों का बढ़ा रुझान : प्रो. नमिता तिवारी

WhatsApp Channel Join Now
पीएचडी प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न, शोध के प्रति छात्रों का बढ़ा रुझान : प्रो. नमिता तिवारी


कानपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। कृषि, फार्मेसी, मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी (एमएलटी) एवं फिजियोथेरेपी विषयों की पीएचडी प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से सम्पन्न हुई है। शेष विषयों में प्रवेश प्रक्रिया विश्वविद्यालय की नीति के अनुसार यूजीसी-नेट, सीएसआईआर-नेट, गेट व अन्य पात्र राष्ट्रीय परीक्षाओं के आधार पर जल्द पूरी की जाएगी। यह बातें बुधवार को सीएसजेएम विश्वविद्यालय की डीन, रिसर्च एंड डेवलपमेंट प्रो. नमिता तिवारी ने कहीं।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की पीएचडी प्रवेश परीक्षा आज सफलतापूर्वक आयोजित की गई। परीक्षा शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी वातावरण में सम्पन्न हुई। परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों में उच्च शिक्षा और शोध के प्रति उत्साह देखने को मिला। चार विषयों में 100 से अधिक अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।

प्रवेश परीक्षा में मेडिकल लेबोरेटरी टेक्नोलॉजी, एग्रोनॉमी, प्लांट पैथोलॉजी तथा सॉइल साइंस विभागों में शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई। इन विभागों में पंजीकृत सभी अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। वहीं, सर्वाधिक आवेदन वाले फार्मेसी और फिजियोथेरेपी विभागों में भी अच्छी उपस्थिति रही।

प्रो. नमिता तिवारी ने बताया कि कृषि, फार्मेसी, एमएलटी एवं फिजियोथेरेपी विषयों की लिखित प्रवेश परीक्षा सफलतापूर्वक सम्पन्न हो चुकी है। उन्होंने कहा कि शेष विषयों में पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया यूजीसी-नेट, सीएसआईआर-नेट, गेट तथा अन्य पात्र राष्ट्रीय फेलोशिप एवं पात्रता परीक्षाओं के आधार पर विश्वविद्यालय की प्रवेश नीति के अनुसार शीघ्र पूरी की जाएगी।

इसकी संभावित तिथियां विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story