जरूरतों के अनुरूप विद्यार्थियों को तैयार करेगा पीजी डिप्लोमा कोर्स: डॉ. दिवाकर अवस्थी
कानपुर, 07 जून (हि.स.)। आधुनिक मीडिया उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप विद्यार्थियों को तैयार करने के उद्देश्य से सीएसजेएमयू के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में पीजी डिप्लोमा कोर्स की प्रवेश प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभाग में 20 सीटें निर्धारित की गई हैं और इच्छुक अभ्यर्थी 15 जून तक प्रवेश ले सकते हैं।
यह बातें रविवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. दिवाकर अवस्थी ने कहीं। विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पीजी डिप्लोमा कोर्स में दाखिले शुरू कर दिए हैं। इस एक वर्षीय पाठ्यक्रम की फीस 42,200 रुपये निर्धारित की गई है। डॉ. अवस्थी ने बताया कि डिजिटल युग में पत्रकारिता का दायरा केवल समाचारों के प्रसारण तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह समाज, शासन और नागरिकों के बीच संवाद का सशक्त माध्यम बन चुकी है। प्रिंट मीडिया, टेलीविजन, रेडियो, वेब पोर्टल और सोशल मीडिया के विस्तार ने इस क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा किए हैं।
सहायक विभागाध्यक्ष डॉ. ओमशंकर गुप्ता ने बताया कि यह कोर्स मीडिया संस्थानों, समाचार पत्रों, न्यूज चैनलों, डिजिटल प्लेटफॉर्म, जनसंपर्क एजेंसियों, विज्ञापन कंपनियों और कॉर्पोरेट संचार क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए उपयोगी है। कोर्स पूरा करने के बाद रिपोर्टर, सब-एडिटर, कंटेंट राइटर, न्यूज प्रोड्यूसर, डिजिटल मीडिया एग्जीक्यूटिव, सोशल मीडिया मैनेजर, जनसंपर्क अधिकारी और मीडिया सलाहकार जैसे पदों पर रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकते हैं।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

