पीईटी परीक्षा पर डीएम ने परीक्षा कक्षों का औचक निरीक्षण कर परखी व्यवस्था

WhatsApp Channel Join Now
पीईटी परीक्षा पर डीएम ने परीक्षा कक्षों का औचक निरीक्षण कर परखी व्यवस्था


फर्रुखाबाद,30 अक्तूबर (हि.स.)।

प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को निष्पक्ष, नकलविहीन और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी से जुटा रहा। परीक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर ढिलाई न हो, इसके लिए जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने स्वयं निगरानी की कमान संभाली। पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के साथ परीक्षा केंद्रों पर अचानक पहुंचकर उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी की सक्रियता और सख्त रुख ने परीक्षा ड्यूटी में लगे अधिकारियों को भी पूरी तरह सतर्क रखा। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता से खिलवाड़ करने वालों के प्रति कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।

शुक्रवार को डीएम और एसपी ने गुरुकुल वर्ल्ड स्कूल तथा क्रिश्चियन इंटर कॉलेज, फर्रुखाबाद का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान परीक्षा कक्षों, अभ्यर्थियों की उपस्थिति, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, सुरक्षा इंतजामों और केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं को बारीकी से परखा। केंद्र व्यवस्थापकों से जानकारी लेकर आयोग के निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए।

गुरुकुल वर्ल्ड स्कूल में पंजीकृत 384 अभ्यर्थियों में 262 उपस्थित और 122 अनुपस्थित रहे। वहीं क्रिश्चियन इंटर कॉलेज में भी 384 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 264 ने परीक्षा दी, जबकि 120 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि परीक्षा की गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखने में कोई चूक न हो। नकल और अनुचित साधनों के इस्तेमाल पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सतत निगरानी रखी जाए। प्रवेश और निकास व्यवस्था व्यवस्थित रहे तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।

एसपी आरती सिंह ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्याप्त सुरक्षा बल की तैनाती, परीक्षा केंद्रों के आसपास शांति व्यवस्था और सुचारु यातायात सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और सजगता से अपने दायित्व निभाएं।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769592 Articles

Share this story