राम भक्तों पर गोली चलवाने वालों को जनता कभी माफ नहीं करेगी : केशव प्रसाद मौर्य

WhatsApp Channel Join Now
राम भक्तों पर गोली चलवाने वालों को जनता कभी माफ नहीं करेगी : केशव प्रसाद मौर्य


गाजियाबाद, 05 अप्रैल (हि.स.)। सपा सरकार में सबसे ज्यादा उत्पीड़न पिछड़े और दलितों का ही हुआ है। महर्षि कश्यप जयंती पर गाजियाबाद के रामलीला मैदान में पहुंचे यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को सपा और अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला।

उन्होंने कहा कि सपा सरकार में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दंगे होते थे। अब प्रदेश को दंगा मुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में कुछ दुष्प्रचार से प्रभावित होकर सपा और कांग्रेस को ज्यादा वोट मिले तो उन्होंने आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करना शुरू किया।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी नौटंकी करती रहती है, हाल ही में अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर अयोध्या में स्थापित रामलला की मूर्ति जैसी मूर्ति की फोटो शेयर की, जिसे सैफई में लगाने की बात कही गई। लेकिन मैं अखिलेश यादव को कहना चाहता हूं कि सैफई में रामलला की मूर्ति लगाने से अयोध्या में रामभक्तों पर गोली चलाने वालों को माफी नहीं मिलेगी। रामभक्त कभी भी उनको माफ नहीं करेंगे।

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद विधानसभा चुनाव हुए चार राज्यों में एनडीए की सरकार बनी है। अभी जिन राज्यों में चुनाव हो रहे हैं, वहां पर भी भाजपा की सरकार बनने जा रही है। 2027 में उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होंगे, उसमें मेरी जनता से अपील है और विश्वास है कि जो 2017 में हुआ है वह 2027 में होगा और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को प्रदेश के मतदाता सैफई पहुंचाने का कार्य करेंगे। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल पर भी जमकर निशाना साधा। कार्यक्रम में प्रदेश के राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कश्यप और निषाद समाज को अनुसूचित जाति में शामिल करने की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Share this story