चिलचिलाती धूप में गैस सिलेंडर के लिए झुलस रहे उपभोक्ता
देवरिया, 21 अप्रैल (हि.स.)। जनपद में चिलचिलाती धूप में एलपीजी सिलेंडर की लाइन में लगे उपभोक्ता दोहरी मार झेल रहे हैं। जल्द ही नंबर पाने क लिए लोग रात में ही एजेंसी पहुंच जा रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच गैस वितरण में लगातार हो रही देरी से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सलेमपुर नगर स्थित बाबू इंटर कॉलेज मैदान में मंगलवार को रसोई गैस सिलेंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। हालात ऐसे रहे कि लोग रात से ही लाइन में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। भीषण गर्मी के बीच गैस वितरण में लगातार हो रही देरी से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई दिनों से जारी इस समस्या के चलते उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। कई लोग रात 12 बजे से ही मैदान में पहुंचकर लाइन में लग गए, ताकि किसी तरह उन्हें सिलेंडर मिल सके।
नवलपुर निवासी अमित ने बताया कि वह पिछले तीन दिनों से गैस के लिए प्रयास कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पाया। वहीं बरसीपार के इंद्र गौड़ ने बताया कि मजबूरी में उन्हें घर पर लकड़ी जलाकर खाना बनाना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि एक बार उनके कागजों में गैस डिलीवरी दिखा दी गई, जबकि उन्हें सिलेंडर मिला ही नहीं, जिसके चलते उन्हें दोबारा बुकिंग करानी पड़ी।
इसी तरह भठवां धर्मपुर के अभय, प्रवीण मिश्र, सतीश मिश्र, मझौलीराज के हसनैन और साफी अहमद सहित कई अन्य उपभोक्ताओं ने भी गैस वितरण व्यवस्था पर नाराजगी जताई और इसे जल्द सुधारने की मांग की। उपभोक्ताओं का कहना है कि यदि समय पर गैस उपलब्ध कराई जाए और वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए, तो उन्हें इस तरह रातभर लाइन में खड़े होने की मजबूरी नहीं होगी।
इस संबंध में गैस एजेंसी संचालक अमन ने बताया कि मांग अधिक होने के कारण कुछ दिक्कतें आ रही हैं। उपलब्ध स्टॉक के अनुसार लगातार वितरण किया जा रहा है और जल्द ही स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया जाएगा।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

