हमीरपुर : 21वीं सदी की सुविधाओं को लेकर चार गावों के लोग पहुंचे थाने
एडीएम, एसडीएम व सीओ सदर ने थाना पहुंच ग्रामीणों से सुनी समस्याएं
हमीरपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के चार गावों के लोग 21वीं सदी की सुविधाओं को लेकर रविवार को कुरारा थाने पहुंचे जहाँ थाना प्रभारी से मुलाकात व संवाद के बाद थाना प्रभारी द्वारा पहुंचे ग्रामीणों की समस्या को जिले के आलाधिकारियो को अवगत करवाया जिसके बाद जिले के एडीएम, एसडीएम व सीओ सदर थाना पहुंचे और आये ग्रामीणों से मुलाकात की।
कुरारा बिकास खंड के बेरी, इंद्रपुरी, बिंद्रपुरी व बरौली गांव के करीब एक सैकड़ा लोग दोपहर थाना पहुंचे और अपने गांव में 21वी सदी की सुविधाओं की मांग करने लगे। थाना प्रभारी ने उनकी बात सुनते हुए जिले के अधिकारी जिसमे एडीएम राकेश कुमार, एसडीएम अभिषेक कुमार व सदर सीओ यशपाल सिंह को समस्या से अवगत करवाया जिसपर देरी न करते हुए उक्त तीनों अधिकारी थाना कुरारा पहुंचे और मौजूद ग्रामीणों से उनकी समस्या सुनी। वहां पर मौजूद ब्रह्मनारायन त्रिपाठी पूर्व ग्राम प्रधान बेरी ने बताया कि ग्राम पर्यटन क्षेत्र में है उसके बाद बेतवा नदी के उस पार जलालपुर गांव है वो भी पर्यटन स्थल है। अनिल कुमार ग्राम प्रधान बेरी ने बताया कि इन ग्रामों में न एम्बुलेंस पहुंच पाती है और न फायर ब्रिग्रेड। लालाराम निषाद इंद्रपुरी, नारायण निषाद, छिद्दू निषाद, भोला निषाद बरौली, संजय यादव बिंदपुरी आदि ने अपनी समस्या बताते हुए कहा कि उन्हें अब तक 15वीं शताब्दी की सुविधाएं जिसमें स्कूल पानी व बिजली ही हमें मिल रही है। स्वास्थ्य, पक्की सड़क व उच्च शिक्षा यहां तक कि मोबाइल का नेटवर्क आदि नहीं मिल पा रही, पक्की सड़क न होने के चलते पूरी बरसात भर गांव में ही कैद रहने को मजबूर होना पड़ता है। लोगों की समस्याएं सुन पहुंचे आलाधिकारियों ने लोगों को आश्वस्त करते हुए जल्द सड़क सहित अन्य सभी सुविधाओं का लाभ दिलवाए जाने की बात कही।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

