भाजपा राज में जनता बेहाल, सपा ने जनपंचायत में उठाई आवाज

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा राज में जनता बेहाल, सपा ने जनपंचायत में उठाई आवाज


मीरजापुर, 21 मार्च (हि.स.)। सिकंदरपुर गांव के हनुमान मंदिर परिसर में शुक्रवार को समाजवादी पार्टी की ओर से पीडीए जनपंचायत का आयोजन किया गया। चुनार विधानसभा क्षेत्र के सपा अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह के नेतृत्व में हुई इस जनपंचायत में भाजपा सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला गया और बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने पर चर्चा हुई।

चुनार विधानसभा क्षेत्र के सपा अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। अपराधी बेखौफ हैं, जबकि आम जनता न्याय के लिए दर-दर भटक रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में गरीब, किसान और दलितों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है, जिससे जनता में आक्रोश है।

जनपंचायत की अध्यक्षता कर रहे ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश यादव ने कहा कि बेरोजगारी और महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। युवा रोजगार के लिए परेशान हैं, लेकिन सरकार केवल खोखले वादे कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया। जनपंचायत के अंत में कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार की विफलताओं के खिलाफ संघर्ष तेज करने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा

Share this story