जौनपुर : चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों के ऑफलाइन भुगतान की मांग को लेकर पेंशनर्स ने किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
जौनपुर : चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों के ऑफलाइन भुगतान की मांग को लेकर पेंशनर्स ने किया प्रदर्शन


जौनपुर : चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों के ऑफलाइन भुगतान की मांग को लेकर पेंशनर्स ने किया प्रदर्शन


जौनपुर, 02 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों के भुगतान की पूर्व से प्रचलित ऑफलाइन व्यवस्था को ऑनलाइन प्रक्रिया के साथ जारी रखने की मांग को लेकर सोमवार को सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन के बैनर तले पेंशनर्स ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित धरना स्थल पर प्रदर्शन किया। जनपद अध्यक्ष सीबी सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में जुटे पेंशनर्स ने मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि को सौंपा।

धरना सभा को संबोधित करते हुए अध्यक्ष सीबी सिंह ने कहा कि एक अक्टूबर से चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों के ऑनलाइन भुगतान की व्यवस्था लागू करने का शासनादेश जारी हुआ है, लेकिन मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में 25 सितंबर से ही ऑफलाइन बिल लेना बंद कर दिया गया। शासनादेश के अनुसार सितंबर तक के बिलों का 31 अक्टूबर तक ऑफलाइन निस्तारण किए जाने की व्यवस्था थी, इसके बावजूद संबंधित कार्यालयों में बिल स्वीकार नहीं किए गए।

उन्होंने कहा कि शासनादेश के अनुसार चिकित्सा उपचार समाप्त होने के तीन महीने के भीतर प्रतिपूर्ति बिल प्रस्तुत किए जा सकते हैं। इस लिहाज से सितंबर तक के बिल दिसंबर तक जमा करने का समय है। ऑनलाइन व्यवस्था में भी व्यावहारिक कठिनाइयां आ रही हैं। साइबर कैफे और सहज जनसेवा केंद्रों से भी ऑनलाइन देयक अग्रसारित नहीं हो पा रहे हैं। वर्ष 2020 से पहले सेवानिवृत्त हुए पेंशनर्स का मानव संपदा पोर्टल पर विवरण डाउनलोड कर टोकन नंबर जारी नहीं होने के कारण वे ऑनलाइन बिल जमा नहीं कर पा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ऑनलाइन प्रक्रिया की कमियों के चलते वरिष्ठ पेंशनर्स को इलाज और चिकित्सा प्रतिपूर्ति में परेशानी उठानी पड़ रही है। संगठन ने प्रदेश स्तर पर पेंशनर्स सलाहकार समिति की बैठक में भी यह मुद्दा उठाया था, जहां सहमति बनने के बावजूद ऑफलाइन व्यवस्था बहाल नहीं की गई। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर पेंशनर्स लखनऊ में विधानसभा का घेराव कर धरना-प्रदर्शन करेंगे।

इस दौरान जिलाधिकारी की प्रतिनिधि उप जिलाधिकारी श्वेता गुप्ता ने धरना स्थल पर पहुंचकर मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव सहित संबंधित अधिकारियों के नाम ज्ञापन प्राप्त किया और उसे शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के पूर्व अध्यक्ष एवं संरक्षक राकेश कुमार श्रीवास्तव ने भी पेंशनर्स की समस्याओं के प्रति उदासीनता पर नाराजगी जताते हुए ऑफलाइन भुगतान व्यवस्था जारी रखने की मांग की।

सभा को सूबेदार यादव, कृष्ण कुमार त्रिपाठी, इंजीनियर प्रमोद कुमार सिंह, एमएल गुप्त, ओंकारनाथ मिश्र, मिठाई लाल, पलकधारी मौर्य, चंद्रशेखर सिंह, रामकेश यादव, राजेश कुमार श्रीवास्तव, राजपति यादव, वीबी सिंह, अशोक प्रताप सिंह, राम अवधलाल, नंदलाल सरोज, नरेंद्र कुमार त्रिपाठी, कंचन सिंह, चेलम्मा, महालक्ष्मी वर्मा, और भानुप्रताप श्रीवास्तव सहित अन्य लोगों ने संबोधित किया। संचालन जिला मंत्री कृपाशंकर उपाध्याय ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

771357 Articles

Share this story