चिकित्सा प्रतिपूर्ति भुगतान में बाधा से पेंशनर्स परेशान, अनशन और धरना-प्रदर्शन की दी चेतावनी
जौनपुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की जनपद शाखा की मासिक बैठक गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पेंशनर्स कार्यालय में जिलाध्यक्ष सीबी सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में चिकित्सा प्रतिपूर्ति देयकों के भुगतान में आ रही समस्याओं पर चिंता जताई गई और शीघ्र समाधान की मांग की गई।
जिलाध्यक्ष सीबी सिंह ने कहा कि शासन स्तर से 30 सितंबर तक चिकित्सा प्रतिपूर्ति देयकों के लिए ऑफलाइन तथा एक अक्टूबर से ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से व्यवस्था निर्धारित की गई है। इसके बावजूद मुख्य चिकित्सा अधिकारी स्तर पर 30 सितंबर तक के चिकित्सा प्रतिपूर्ति देयकों को तकनीकी परीक्षण के लिए 25 सितंबर से ही लेना बंद कर दिया गया है। उन्होंने इसे शासनादेश के विपरीत बताते हुए तत्काल व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो एसोसिएशन संगठनात्मक कार्रवाई के साथ अनशन और धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होगा। उन्होंने हाल में हुए प्रांतीय कार्यक्रम के धरना-प्रदर्शन में पेंशनर्स की भागीदारी के लिए आभार जताते हुए आगामी संघर्ष के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के पूर्व अध्यक्ष एवं संरक्षक राकेश कुमार श्रीवास्तव ने केंद्र सरकार से आठवें केंद्रीय वेतन आयोग के संकल्प पत्र में पेंशनर्स के टर्म्स ऑफ रेफरेंस को तत्काल शामिल करने की मांग की।
बैठक में सदस्यों ने चिकित्सा प्रतिपूर्ति से जुड़ी कठिनाइयां रखीं और सरकार से समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग की। बैठक का संचालन जिलामंत्री कृपाशंकर उपाध्याय ने किया।
इस अवसर पर ओंकार नाथ मिश्र, कांति सिंह, कृष्ण कुमार त्रिपाठी, चंद्रशेखर सिंह, अशोक कुमार मौर्य, सुबेदार यादव, प्रमोद कुमार सिंह, राजेंद्र प्रसाद सिंह, राजेश कुमार श्रीवास्तव, डॉ. भारत यादव, वीवी सिंह, दिनेश चंद्र सिंह सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। अंत में स्व. ठकूरी यादव और स्व. दूधनाथ यादव के निधन पर दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की गई।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

