लंबित नामांतरण प्रकरणों और जनसमस्याओं का जल्द हो निस्तारण : अरुण पाठक

WhatsApp Channel Join Now
लंबित नामांतरण प्रकरणों और जनसमस्याओं का जल्द हो निस्तारण : अरुण पाठक


कानपुर, 12 जून (हि.स.)। केडीए से जुड़े लंबित नामांतरण प्रकरणों और जनसुविधाओं से संबंधित समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। यह बातें शुक्रवार को विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) अरुण पाठक ने कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) के उपाध्यक्ष से मुलाकात के दौरान कहीं।

एमएलसी अरुण पाठक और भाजपा कानपुर दक्षिण के जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने आज कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) उपाध्यक्ष से भेंट कर विभिन्न जनसमस्याओं तथा लंबे समय से लंबित नामांतरण मामलों को लेकर चर्चा की। भाजपा नेताओं ने कहा कि बड़ी संख्या में नामांतरण और रजिस्ट्री संबंधी प्रकरण लंबे समय से लंबित पड़े हैं, जिससे लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

अरुण पाठक ने अधिकारियों से जनसुविधाओं से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने केडीए क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कई पार्कों की खराब स्थिति का मुद्दा भी उठाया और उनके सौंदर्यीकरण, रखरखाव तथा विकास कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की।

जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि जनता की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।

इस पर केडीए उपाध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि लंबित नामांतरण प्रकरणों और जनहित से जुड़े अन्य मामलों के निस्तारण के लिए आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी लंबित कार्यों को पूरा करने के लिए एक माह का समय मांगा और कहा कि निर्धारित अवधि के भीतर प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।

मुलाकात के दौरान मंडल अध्यक्ष दीपू पासवान, आर्य बिट्टू परिहार, पार्षद अवधेश त्रिपाठी, अखिलेश बाजपेई सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story