बंदरों की उछल कूद से पीपल की टहनी टूटकर गिरी, विद्यालय भवन क्षतिग्रस्त

WhatsApp Channel Join Now
बंदरों की उछल कूद से पीपल की टहनी टूटकर गिरी, विद्यालय भवन क्षतिग्रस्त


हाथरस, 12 जुलाई (हि.स.)। सादाबाद कस्बे की खजूर वाली गली में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। कंपोजिट विद्यालय प्रथम के प्रांगण में स्थित पुराने पीपल के पेड़ की शाखा टूटकर विद्यालय भवन पर गिर गई। घटना से भवन की दीवार और छत में दरारें आ गईं। गनीमत रही कि अवकाश होने के कारण उस समय विद्यालय में कोई छात्र या शिक्षक मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह के समय पीपल के पेड़ पर बंदरों का झुंड उछल-कूद कर रहा था। इसी दौरान पेड़ की एक बड़ी शाखा अचानक टूटकर तेज आवाज के साथ विद्यालय भवन पर गिरी। शाखा के भारी वजन से भवन को नुकसान पहुंचा और उसकी दीवारों में दरारें आ गईं। इसी दौरान, विद्यालय के पास मस्जिद के निकट बनी दो दुकानों पर खरीदारी कर रही महिलाएं भी बाल-बाल बचीं। पेड़ की एक अन्य डाल का हिस्सा टूटकर दुकानों के सामने जमीन पर गिर पड़ा, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। महिलाएं और दुकानदार तुरंत सुरक्षित स्थान पर हट गए। घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने बताया कि यह पीपल का पेड़ काफी पुराना और जर्जर हो चुका है, जिसकी कई शाखाएं सूख चुकी हैं। उन्होंने पहले भी इसके गिरने की आशंका जताई थी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से पेड़ की जांच कराकर खतरनाक शाखाओं की छंटाई कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। वन विभाग के दरोगा गंभीर सिंह ने बताया कि इस तरह के पेड़ों की जानकारी मिलने पर उन्हें हल्का करने की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story