पीड़ित परिवार से मिले राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन

WhatsApp Channel Join Now
पीड़ित परिवार से मिले राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन


हाथरस, 20 मई (हि.स.)। कोतवाली क्षेत्र के गांव पुसैनी में दलित युवक पंकज उर्फ सोनू की हत्या का मामला राजनीतिक रंग ले चुका है। बुधवार दोपहर समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन गांव पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली और उन्हें न्याय का आश्वासन दिया।

सांसद रामजीलाल सुमन ने शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और निश्चित रूप से कार्रवाई होगी। उन्होंने जोर दिया कि जब परिवार का जवान बेटा खत्म हो जाता है, तो लोग तत्काल कार्रवाई की अपेक्षा करते हैं। सांसद ने पंकज की हत्या के संबंध में दर्ज रिपोर्ट का अवलोकन किया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बारे में जानकारी ली, लेकिन उन्हें कोई सटीक जवाब नहीं मिला।

उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में तथ्यों को गंभीरता से संज्ञान में लेकर निष्पक्ष और कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। सुमन ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है।

सांसद ने दाह संस्कार में देरी के मुद्दे पर भी बात की। उन्होंने कहा कि दाह संस्कार एक भावनात्मक मामला होता है, और यदि किसी कारणवश इसमें देरी हुई हो तो उसे उसी भावनात्मक दृष्टिकोण से देखा जाना चाहिए। घटना के बाद से गांव में अभी भी तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। सांसद के गांव पहुंचने की सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए। इस दौरान रमेश चंद्र जाटव, अवनीश सागर और भगवती प्रसाद सहित कई लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story