सपा व कांग्रेस महिलाओं को उनका अधिकार देने के पक्ष में नहीं : पंकज चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
सपा व कांग्रेस महिलाओं को उनका अधिकार देने के पक्ष में नहीं : पंकज चौधरी


लखनऊ/महराजगंज, 20 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सोमवार को महराजगंज में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि इंडी एलायंस के दल महिला आरक्षण का समर्थन करने का केवल ढोंग करते हैं, जबकि सच्चाई यह है कि वे महिलाओं को उनका अधिकार देने के पक्ष में नहीं हैं। चौधरी ने कहा कि देश की आधी आबादी—माताओं और बहनों—को नीति निर्धारण में उनका अधिकार देने के उद्देश्य से मोदी सरकार ने 33 प्रतिशत महिला आरक्षण का ऐतिहासिक विधेयक प्रस्तुत किया। लेकिन कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और इंडी एलायंस के अन्य सहयोगी दलों ने इस महत्वपूर्ण विधेयक को पारित नहीं होने देकर अपनी वास्तविक मंशा उजागर कर दी।

उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और उनके सहयोगियों ने एक बार फिर अपनी महिला विरोधी मानसिकता को सामने ला दिया है। ये दल भली-भांति जानते हैं कि जब घर की महिलाएं आगे बढ़ेंगी, तो उनका परिवारवाद और वंशवाद स्वतः कमजोर हो जाएगा।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने अपनी महिला विरोधी सोच को छुपाने के लिए “नकाब का सहारा” लिया, लेकिन अब देश की आधी आबादी के सामने उनका यह नकाब उतर चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि तुष्टिकरण की राजनीति करते हुए इन दलों ने देश में केवल लगभग 20 प्रतिशत मुस्लिम महिलाओं का बहाना बनाकर शेष 80 प्रतिशत महिलाओं के अधिकारों के साथ अन्याय किया है। विपक्षी दलों ने मुस्लिम महिलाओं के साथ भी अन्याय ही किया है क्योंकि इस विधेयक का लाभ तो समाज के सभी वर्गों की महिलाओं को मिलता और उनमें मुस्लिम वर्ग की महिलाएं भी सम्मिलित हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि धर्म के आधार पर आरक्षण संविधान की मूल भावना के विरुद्ध है और भारतीय जनता पार्टी सदैव संविधान की मर्यादा और मूल सिद्धांतों का पालन करती रही है। चौधरी ने कहा कि मोदी सरकार की महिला सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता अत्यंत मजबूत है। गृहमंत्री द्वारा सदन के पटल पर पूरे देश में 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने की गारंटी देना इस बात का प्रमाण है कि सरकार महिलाओं को अधिक से अधिक अवसर देने के लिए संकल्पित है।

उन्होंने इंडी एलायंस को “एंटी वूमेन एलायंस” बताते हुए कहा कि यह गठबंधन रूढ़िवादी सोच से ग्रसित है और चाहता है कि महिलाएं घर की चारदीवारी तक सीमित रहें। इन दलों ने हमेशा महिला आरक्षण को रोकने, टोकने, अटकाने और भटकाने का कार्य किया है। चौधरी ने कहा कि देश का विकास बिना आधी आबादी के सशक्तिकरण के संभव नहीं है और देश की नारी शक्ति ऐसे महिला विरोधी गठबंधन को कभी माफ नहीं करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story