प्रधान मंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है : गिरीश चंद्र
सुलतानपुर, 13 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में प्रभारी मंत्री एवं उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि जहां दुनिया के तमाम देश तेल संकट और महंगाई से त्रस्त हैं, वहीं भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व के कारण स्थितियां पूरी तरह नियंत्रण में हैं। उन्होंने दावा किया कि देशवासियों को पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता में कोई किल्लत नहीं होने दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सभी वैश्विक समस्याओं का समाधान किया गया है, ताकि देशवासियों को किसी प्रकार का संकट न उठाना पड़े।
नगर के जिला कलेक्ट्रेट सभागार में शनिवार को केन्द्र की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूरा होने के उपलक्ष्य में श्री यादव ने पत्रकारों से बात की। उन्होंने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के कारण पूरी दुनिया में ईंधन का संकट गहराया है। उन्होंने बताया कि अमेरिका और ईरान की लड़ाई के बाद कई देशों में पेट्रोल और डीजल के दाम काफी बढ़े हैं, जिससे वे वित्तीय संकट से जूझ रहे हैं।
श्री यादव ने कहा कि देश की जनता ने पूर्ण बहुमत के साथ तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी को चुना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में एक नया इतिहास बनाया है। उनके कुशल नेतृत्व में देश विकास की नई ऊंचाइयों पर पहुंचा है और हर क्षेत्र में चौतरफा विकास हुआ है।
उन्होंने कहा कि आज कुल मिलाकर 22 राज्यो मे एनडीए की सरकार है । 25 करोड़ गरीब आज गरीबी रेखा से बाहर निकले हैं।
उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा लागू की गयी योजनाओं की सराहना की। किसानों की लिए किसान सम्मान निधि, उज्जवला योजना, आयुष्मान कार्ड योजना, आवास योजना, सौभाग्य योजना जैसी तमाम योजनाएं लागू होने के बाद गरीब आज खुशहाल है।
यहां पर एमएलसी शैलेन्द्र प्रताप सिंह, विधायक सीताराम वर्मा, विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, डीएम इंद्रजीत सिंह, एसपी चारू निगम, एडीएम प्रशासन रत्नप्रिया, एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश सिंह, सीडीओ विनय कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

