आईटीआई से रोजगार की राह, 200 युवाओं को नौकरी का मौका

WhatsApp Channel Join Now
आईटीआई से रोजगार की राह, 200 युवाओं को नौकरी का मौका


-22 जून को आईटीआई पांडुनगर में न्यू हॉलैंड कंपनी करेगी कैंपस चयन, प्रशिक्षित युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर

कानपुर, 13 जून (हि.स.)। प्रदेश में युवाओं को कौशल प्रशिक्षण के साथ रोजगार से जोड़ने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) पांडुनगर में 22 जून को न्यू हॉलैंड कंपनी की ओर से कैंपस चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। इस भर्ती अभियान के माध्यम से करीब 200 युवाओं को रोजगार मिलेगा।

प्रदेश सरकार युवाओं को प्रशिक्षण के बाद रोजगार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दे रही है। इसी उद्देश्य से औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों और निजी क्षेत्र की कंपनियों के बीच समन्वय बढ़ाया जा रहा है, ताकि प्रशिक्षित युवाओं को सीधे रोजगार के अवसर मिल सकें। कैंपस प्लेसमेंट की व्यवस्था से युवाओं को नौकरी की तलाश में भटकना नहीं पड़ता और उन्हें संस्थान स्तर पर ही कंपनियों से जुड़ने का अवसर मिलता है।

आईटीआई नोडल प्रिंसिपल हरीश मिश्रा ने शनिवार को बताया कि कैंपस चयन में विभिन्न तकनीकी ट्रेडों के आईटीआई उत्तीर्ण एवं अंतिम वर्ष के प्रशिक्षणार्थी भाग ले सकेंगे। कंपनी की ओर से अभ्यर्थियों का चयन तकनीकी मूल्यांकन और साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी की आवश्यकता के अनुसार नियुक्ति दी जाएगी।

आईटीआई पांडुनगर में समय-समय पर विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों के कैंपस चयन आयोजित होते रहे हैं। इससे बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार मिला है। न्यू हॉलैंड जैसी अग्रणी कंपनी का चयन अभियान भी तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं के लिए बेहतर करियर का अवसर माना जा रहा है। संस्थान प्रशासन को उम्मीद है कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थी चयन प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे और रोजगार के अवसर का लाभ उठाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story