आगरा में आयोजित प्रथम ब्रिक्स एमएसएमई फोरम में शामिल हुए लघु उद्योग भारती मुरादाबाद के पदाधिकारी
लघु उद्योग भारती ने ब्रिक्स मंच पर बढ़ाई मुरादाबाद उद्योग की पहुंच, खुलेगा अंतरराष्ट्रीय रास्ता
मुरादाबाद, 20 जून (हि.स.)। आगरा जिले में आयोजित प्रथम ब्रिक्स एमएसएमई फोरम 2026 एवं तीसरी एसएमई वर्किंग ग्रुप बैठक में भाग लेकर शनिवार को लौटे लघु उद्योग भारती मुरादाबाद इकाई के पधाकारियों ने कहा कि यह बैठक भारतीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों के वैश्विक एकीकरण की दिशा में ऐतिहासिक होगी। लघु उद्योग भारती ने इस मंच के आयोजन के लिए उत्तर प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया।
लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों ने आगे कहा कि इसे भारतीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों के वैश्विक एकीकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम माना जा रहा है। इस आयोजन ने रूस, बेलारूस, मलेशिया, यूएई, चीन, दक्षिण अफ्रीका, युगांडा, ईरान और ब्राजील जैसे देशों की एमएसएमई पर केंद्रित द्विपक्षीय व्यापार बढ़ाने की गहरी रुचि को प्रदर्शित करने का मंच प्रदान किया।
यह कार्यक्रम ब्रिक्स इंडिया 2026 के तहत लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण थीम पर किया गया। इसमें 11 देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य एमएसएमई क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग, तकनीकी हस्तांतरण और वैश्विक बाजारों तक पहुंच बढ़ाना रहा है।
लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों ने कहा कि यह मंच भारतीय एमएसएमई के लिए विदेशी साझेदारी और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के नए अवसर तैयार करेगा। संगठन का मानना है कि इससे मुरादाबाद के पीतल, हस्तशिल्प और निर्यात उद्योगों को वैश्विक विस्तार मिलेगा। जिससे स्थानीय उद्योगों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता भी बढ़ेगी।
उद्योग भारती मुरादाबाद इकाई के अध्यक्ष रजित अग्रवाल और महासचिव अमित कपूर ने इसे उद्योग के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया। फोरम में लघु उद्योग भारती का प्रतिनिधित्व वरिष्ठ सदस्य राकेश गर्ग, अमित अग्रवाल, दीपक गोयल, गौरव मित्तल, महेश गुप्ता ने किया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

