प्रवक्ता परीक्षा में कुल 1,92,934 अभ्यर्थी हुए शामिल : डॉ. प्रशांत कुमार

WhatsApp Channel Join Now
प्रवक्ता परीक्षा में कुल 1,92,934 अभ्यर्थी हुए शामिल : डॉ. प्रशांत कुमार


--दूसरे दिन 54.88 अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा

--लखनऊ में पायलट प्रोजेक्ट के तहत परीक्षा कक्ष में ओएमआर की हुई स्कैनिंग--एआई एकीकृत नियंत्रण कमांड कक्ष से हुई परीक्षा केन्द्रों की निगरानी

प्रयागराज, 10 मई (हि.स)। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि आयोग द्वारा आयोजित विज्ञापन संख्या- 02/2022 प्रवक्ता संवर्ग की लिखित परीक्षा आज दूसरे दिन रविवार काे प्रदेश के विभिन्न परीक्षा केन्द्रों पर सकुशल सम्पन्न हुई। परीक्षा में कुल 1,03,168 (45.12 प्रतिशत) परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जिनमें महिला परीक्षार्थियों की उपस्थिति 41.92 प्रतिशत तथा पुरुष परीक्षार्थियों की उपस्थिति 48.08 प्रतिशत रही। इस प्रकार 09 एवं 10 मई को आयोजित लिखित परीक्षा में कुल 1,92,934 (41.53 प्रतिशत) परीक्षार्थी उपस्थित रहे। प्रवक्ता परीक्षा दूसरे दिन 54.88 अभ्यर्थियों ने छोड़ दी है।

आयोग के अध्यक्ष ने बताया कि परीक्षा दो पालियों में आयोजित हुई। प्रथम पाली में नागरिक शास्त्र, गणित, अर्थशास्त्र, संस्कृत एवं मनोविज्ञान विषयों की परीक्षा तथा द्वितीय पाली में रसायन विज्ञान, भूगोल, हिन्दी एवं कला विषयों की परीक्षा सम्पन्न हुई। प्रथम पाली की परीक्षा प्रातः 09ः30 बजे से 11ः30 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 02ः30 बजे से 04ः30 बजे तक आयोजित की गयी।

डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि परीक्षा का संचालन आयोग द्वारा निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर पूर्ण पारदर्शिता, नकलविहीन एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न कराया गया। परीक्षा के दौरान आयोग में स्थापित एआई एकीकृत नियंत्रण कमांड कक्ष से सभी परीक्षा केन्द्रों की सतत निगरानी की गयी। आयोग के अध्यक्ष, सदस्यगण, सचिव, परीक्षा नियंत्रक एवं उप सचिव की उपस्थिति में परीक्षा केन्द्रों पर लगे एआई कैमरों के माध्यम से परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर निरंतर दृष्टि रखी गयी।

उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा तकनीकी नवाचार एवं पारदर्शिता को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पायलट प्रोजेक्ट के अंतर्गत लखनऊ जनपद के चयनित परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा समाप्ति के तत्काल बाद परीक्षार्थियों के ओएमआर उत्तर पत्रकों की स्कैनिंग परीक्षा कक्ष में ही करायी गयी। स्कैनिंग प्रक्रिया अभ्यर्थियों की उपस्थिति में सम्पन्न हुई तथा स्कैन डाटा को तत्काल सुरक्षित करने की कार्यवाही भी सुनिश्चित की गयी। सम्पूर्ण प्रक्रिया की निगरानी भी आयोग के एआई एकीकृत नियंत्रण कमांड कक्ष से की गयी।

आयोग अध्यक्ष ने बताया कि 09 मई की लिखित परीक्षा में कुल 89,766 (38.04 प्रतिशत) परीक्षार्थी उपस्थित रहे, जिनमें महिला परीक्षार्थियों की उपस्थिति 34.89 प्रतिशत एवं पुरुष परीक्षार्थियों की उपस्थिति 42.26 प्रतिशत रही। परीक्षा के सफल संचालन हेतु सम्बन्धित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के सहयोग की सराहना करते हुए सभी अभ्यर्थियों और केन्द्र व्यवस्थापकों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

Share this story