औरैया में निकली परशुराम शोभायात्रा, फूलों की वर्षा से हुआ भव्य स्वागत

WhatsApp Channel Join Now
औरैया में निकली परशुराम शोभायात्रा, फूलों की वर्षा से हुआ भव्य स्वागत


औरैया, 19 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया शहर में रविवार को भगवान परशुराम की भव्य शोभा यात्रा धूमधाम के साथ निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तिलक नगर स्थित भूतेश्वर मंदिर से शुरू हुई इस यात्रा का शहरभर में जगह-जगह फूल वर्षाकर स्वागत किया गया। बैंड-बाजों की धुन और भक्ति गीतों पर झूमते श्रद्धालुओं ने पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह मंदिर में भगवान परशुराम के विधि-विधान से पूजन के साथ हुई। इसके उपरांत फफूंद रोड स्थित उमा प्रेम सत्संग आश्रम में 20 बटुकों का यज्ञोपवीत संस्कार आयोजित किया गया, जिसमें आचार्य ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जनेऊ संस्कार सम्पन्न कराया गया।

शोभायात्रा को पूर्व ग्वालियर हाईकोर्ट अध्यक्ष एडवोकेट अनिल मिश्रा और सदर विधायक गुड़िया कठेरिया ने भगवान परशुराम का तिलक कर रवाना किया। यात्रा हाजी पेट्रोल पंप रोड, संयुक्त जिला चिकित्सालय, संजय गेट, सुभाष चौक, सदर बाजार और लेडीज मार्केट होते हुए विभिन्न मार्गों से गुजरती हुई पुनः भूतेश्वर मंदिर पहुंचकर सम्पन्न हुई।

यात्रा में रथों पर सजी भगवान परशुराम की आकर्षक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। श्रद्धालु हाथों में ध्वज लेकर जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। कई स्थानों पर शर्बत और शीतल पेयजल की व्यवस्था कर लोगों को गर्मी से राहत पहुंचाई गई।

नगर के विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक और व्यापारिक संगठनों ने यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों ने भगवान परशुराम का माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर सपा वरिष्ठ नेता लालजी शुक्ला व महेंद्र त्रिपाठी भी मौजूद रहे और उन्होंने भी शोभायात्रा में सहभागिता कर भगवान परशुराम का आशीर्वाद प्राप्त किया।

सुरक्षा की दृष्टि से शोभायात्रा के साथ सीओ सिटी अशोक कुमार के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात रहा, जो पूरे मार्ग पर मुस्तैदी से ड्यूटी करता नजर आया। आयोजन में ब्राह्मण महासभा, परशुराम सेवा समिति और विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी भी सक्रिय रूप से शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story