प्रयागराज जंक्शन के सिटी साइड 15 अप्रैल से पार्किंग अस्थायी प्रतिबंधित
प्रयागराज, 06 अप्रैल (हि.स)। प्रयागराज जंक्शन स्टेशन पर चल रहे व्यापक पुनर्विकास कार्यों के क्रम में सिटी साइड पर भी निर्माण कार्य 15 अप्रैल से प्रारम्भ किया जाना प्रस्तावित है। जिसके कारण 15 अप्रैल से अग्रिम आदेश तक सिटी साइड पर स्टेशन परिसर में वाहनों की पार्किंग सुविधा पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी।
यह जानकारी जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने सोमवार को दी। उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन द्वारा सिविल लाइंस साइड पर समुचित एवं सुव्यवस्थित वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था विकसित की गई है। जिन यात्रियों को अपने वाहन पार्क करने की आवश्यकता है, वे उक्त वैकल्पिक व्यवस्था का उपयोग कर सकते हैं।
इसके अतिरिक्त, सिटी साइड पर भी वैकल्पिक व्यवस्थाएं विकसित किए जाने के प्रयास निरंतर जारी हैं। उपयुक्त व्यवस्था सुनिश्चित होते ही सिटी साइड पर यातायात एवं पार्किंग सुविधा पुनः प्रारम्भ कर दी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र

