मंधना स्टेशन पर पार्किंग और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था होगी बेहतर : महेंद्र सिंह तंवर

WhatsApp Channel Join Now
मंधना स्टेशन पर पार्किंग और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था होगी बेहतर : महेंद्र सिंह तंवर


कानपुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के मंधना रेलवे स्टेशन पर भविष्य में बढ़ने वाली यात्री संख्या को देखते हुए पार्किंग, सार्वजनिक परिवहन, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए। स्टेशन के आसपास उपलब्ध स्थानों का चिन्हांकन कर समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए।

यह निर्देश जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने रविवार को जिलाधिकारी शिविर कार्यालय में आयोजित बैठक में दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय, डीसीपी ट्रैफिक, अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ सिंह, पीडी एनएचएआई और रेलवे के अधिकारी मौजूद रहे। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि कानपुर अनवरगंज से मंधना तक एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण प्रस्तावित है, जिसका काम नवंबर-दिसंबर 2026 से शुरू होने की संभावना है। कॉरिडोर बनने के बाद मंधना रेलवे स्टेशन इस रेलखंड का अंतिम टर्मिनल स्टेशन बनने की संभावना है।

जिलाधिकारी ने स्टेशन के बाहर उपयुक्त स्थान चिन्हित कर व्यवस्थित पार्किंग विकसित करने और कानपुर नगर समेत प्रमुख क्षेत्रों के लिए सुगम सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने खंड विकास अधिकारी कल्याणपुर संदीप कुमार (आईएएस) की अध्यक्षता में रेलवे, एनएचएआई और ट्रैफिक विभाग की संयुक्त समिति गठित की। समिति रविवार को मंधना क्षेत्र का सर्वे कर पार्किंग और यातायात व्यवस्था के लिए उपयुक्त स्थानों की पहचान कर रिपोर्ट देगी।

बैठक में रेलवे अधिकारियों ने बताया कि तहसील बिल्हौर के दो और सदर तहसील के 13 गांव संबंधित प्रकरण में शामिल हैं। रेलवे की ओर से दोनों तहसीलों को पत्राचार किया गया है। जिलाधिकारी ने दोनों उप जिलाधिकारियों को सोमवार तक प्रकरण की विस्तृत स्थिति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कल्याणपुर से रावतपुर रेलवे स्टेशन के बीच स्वच्छता और कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को लेकर भी जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए। संबंधित जोनल अधिकारी क्षेत्र का सर्वे कर दो दिन में रिपोर्ट देंगे। नगर स्वास्थ्य अधिकारी को नियमित कूड़ा उठान और प्रभावी कूड़ा प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। रेलवे अधिकारियों से ट्रैक और आसपास के क्षेत्र की नियमित निगरानी व सफाई कराने को कहा गया।

बैठक में स्टेशन के बाहर सिविल क्षेत्र में नालों की सफाई, जरूरत के अनुसार उन्हें कवर्ड कराने और फ्लाईओवर के नीचे उपयुक्त स्थान पर पार्किंग विकसित करने पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करते हुए मंधना स्टेशन पर बढ़ने वाली यात्री संख्या के अनुरूप पार्किंग, परिवहन, स्वच्छता और यातायात की सुविधाएं समय से विकसित करें।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story