परीक्षा केदो का डीएमओ एसपी ने किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
परीक्षा केदो का डीएमओ एसपी ने किया निरीक्षण


हाथरस, 14 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रवक्ता (पुरुष/महिला) भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीवी नाथ सिन्हा के साथ जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने रामबाग इंटर कॉलेज एवं बागला डिग्री कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम, स्ट्रांग रूम तथा परीक्षा कक्षों का निरीक्षण कर निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की। साथ ही परीक्षार्थियों के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और परीक्षा संचालन प्रक्रिया का भी अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं संबंधित अधिकारियों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए शासन के निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल आठ परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। उन्होंने कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है। वहीं पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी पुलिस, केंद्र व्यवस्थापक तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story