पराग डेयरी में 13 साल बाद लौटेगी रौनक, 160 करोड़ के आधुनिक प्लांट का ट्रायल जल्द : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
पराग डेयरी में 13 साल बाद लौटेगी रौनक, 160 करोड़ के आधुनिक प्लांट का ट्रायल जल्द : जिलाधिकारी


कानपुर, 20 मई (हि.स.)। इस अत्याधुनिक प्लांट के चालू होने से कानपुर मंडल के लगभग एक लाख किसानों को उनके दूध का पारदर्शी और समयबद्ध भुगतान मिलेगा, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। साथ ही जापानी और जर्मन तकनीक से जांचा हुआ पूरी तरह शुद्ध और उच्च गुणवत्ता वाला दूध उपभोक्ताओं को मिल सकेगा। यह बातें बुधवार को जिलाधिकारी कानपुर नगर जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहीं।

13 वर्षों से बंद पड़े गोविंद नगर स्थित पराग डेयरी प्लांट का ट्रायल रन सफलतापूर्वक शुरू हो गया है। वर्ष 2013 से बंद यह प्लांट अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार के प्रयासों के बाद दोबारा शुरू होने जा रहा है। इसका ट्रायल रन 25 मई से शुरू होने की संभावना है।

मदर डेयरी और नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के तकनीकी सहयोग से तैयार इस आधुनिक प्लांट में प्रतिदिन लगभग चार लाख लीटर दूध की प्रोसेसिंग की जाएगी। प्लांट के शुरू होने से कानपुर मंडल के करीब एक लाख दुग्ध उत्पादक किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में ‘विलेज लेवल कलेक्शन सेंटर’ बनाए गए हैं, जहां से दूध सीधे प्लांट तक पहुंचाया जाएगा। इससे बिचौलियों की भूमिका समाप्त होगी और किसानों को समय पर भुगतान मिल सकेगा।

मदर डेयरी के यूनिट हेड विनय प्रताप सिंह के अनुसार, प्लांट में जापान और जर्मनी से मंगाई गई अत्याधुनिक मशीनों का इस्तेमाल किया गया है। यहां प्रतिदिन 1.50 लाख लीटर पैकेज्ड मिल्क, 20 मीट्रिक टन मिल्क पाउडर, आठ टन शुद्ध देसी घी और एक टन पनीर का उत्पादन किया जाएगा।

उपभोक्ताओं को मिलावट रहित दूध उपलब्ध कराने के लिए प्लांट परिसर में अत्याधुनिक केंद्रीय प्रयोगशाला भी स्थापित की गई है। विभिन्न केंद्रों से आने वाले दूध की वैज्ञानिक तरीके से जांच के बाद ही उसे प्रोसेसिंग और पैकिंग के लिए भेजा जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story