पेपरलीक करने वाले को कठोर दंड मिलना चाहिए: अम्बरीष सिंह
लखनऊ, 22 जुलाई (हि.स.)। विश्व हिन्दू परिषद के प्रवक्ता अम्बरीष सिंह ने कहा कि पेपरलीक करने वाले पापियों को कठोर दंड मिलना चाहिए। ऐसी व्यवस्था भी होनी चाहिए कि भविष्य में इस प्रकार की दुर्भाग्यपूर्ण घटना न घटे, संसद में भी मंथन होना चाहिए। अम्बरीष ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए लेकिन जंतर मंतर पर प्रदर्शनकारियों की वेश भूषा व उनके द्वारा लगाए जा रहे भारत विरोधी नारे किसी कीमत पर स्वीकार्य नहीं हैं।
विहिप के प्रवक्ता ने कहा कि लोकतांत्रिक ढांचे में विमर्श और आवश्यकता पड़े तो असहमति के अभिव्यक्ति के लिए आंदोलन भी होने चाहिए लेकिन छात्रों
के आंदोलन को ढाल बनाकर अपने कुत्सित एजेंडे की पूर्ति का अवसर टुकड़े टुकड़े गैंग तथा तुष्टिकरण के ध्वजवाहकों को हम नहीं देंगे । हमें अराष्ट्रीय और विभाजनकारी तत्वों के षडयंत्र को विफल करना ही होगा।
उन्होंने कहा कि आन्दोलन के मंच से भारत विरोधी नारे,हिन्दू धर्म को अपमानित करने वाले संवाद क्या प्रकट कर रहे हैं? विपक्ष के नेता देश के प्रधानमंत्री पर अभद्र भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। सरकारी संपत्ति नष्ट की जा रही है, पुलिस पर हमला हो रहा है उकसाया जा रहा, दिल्ली की सड़कों पर अराजकता का आलम पैदा किया जा रहा है। किसान आंदोलन,शाहीन बाग की पुनरावृत्ति का प्रयत्न हो रहा है और यहां जनता से पूर्णतः कटे विपक्षी नेता आपदा को अवसर मानकर अपनी पूरी ताकत लगा रहे हैं।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

