पनकी धाम रेलवे स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत राष्ट्र को समर्पित

WhatsApp Channel Join Now
पनकी धाम रेलवे स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत राष्ट्र को समर्पित


पनकी धाम रेलवे स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत राष्ट्र को समर्पित


कानपुर, 17 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित पनकी धाम रेलवे स्टेशन सहित देशभर के 75 रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया। आधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस पनकी धाम स्टेशन अब धार्मिक पर्यटन और स्थानीय आवागमन को नई गति देगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जालंधर से आयोजित कार्यक्रम के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रयागराज मंडल के पनकी धाम, फतेहपुर और विंध्याचल स्टेशन सहित देश के 75 अमृत भारत स्टेशनों का लोकार्पण किया। कार्यक्रम का आयोजन पनकी धाम स्टेशन परिसर में भी हुआ, जहां जनप्रतिनिधियों, रेलवे अधिकारियों और बड़ी संख्या में लोगों ने वर्चुअल उद्घाटन कार्यक्रम देखा।

कार्यक्रम की शुरुआत अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) धनंजय कुमार सिंह और उप मुख्य यातायात प्रबंधक आकांशु गोविल ने अतिथियों के स्वागत से की। अधिकारियों ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर के 1300 से अधिक रेलवे स्टेशनों का चरणबद्ध पुनर्विकास किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आधुनिक यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति और विरासत को भी स्टेशन की पहचान का हिस्सा बनाना है।

सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि पनकी धाम रेलवे स्टेशन का नया स्वरूप कानपुर के लिए गौरव की बात है। इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि पनकी धाम भगवान पंचमुखी हनुमान मंदिर के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। आधुनिक स्टेशन बनने से श्रद्धालुओं और यात्रियों दोनों को सुविधा मिलेगी।

विधायक सुरेंद्र मैथानी ने बताया कि स्टेशन पर नया स्टेशन भवन, आधुनिक सर्कुलेटिंग एरिया, पार्किंग, प्रतीक्षालय, शौचालय, प्लेटफॉर्म का उन्नयन, 12 मीटर चौड़ा फुट ओवरब्रिज, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, आधुनिक साइनेज तथा स्थानीय कला और संस्कृति को प्रदर्शित करने वाले आकर्षक कलात्मक तत्व विकसित किए गए हैं।

इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। साथ ही अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत आयोजित चित्रकला, पेंटिंग, वाद-विवाद और निबंध प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला, सांसद रमेश अवस्थी, महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक महेश त्रिवेदी, नीलिमा कटियार, सुरेंद्र मैथानी, पूनम संखवार, विधान परिषद सदस्य सलिल विश्नोई सहित रेलवे के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story