पनकी धाम रेलवे स्टेशन आधुनिक सुविधाओं और आस्था का नया केंद्र बनेगा : डॉ. शिवम शर्मा

WhatsApp Channel Join Now
पनकी धाम रेलवे स्टेशन आधुनिक सुविधाओं और आस्था का नया केंद्र बनेगा : डॉ. शिवम शर्मा


पनकी धाम रेलवे स्टेशन आधुनिक सुविधाओं और आस्था का नया केंद्र बनेगा : डॉ. शिवम शर्मा


कानपुर, 13 जुलाई (हि.स.)। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित पनकी धाम रेलवे स्टेशन यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ सुरक्षित, सुगम और बेहतर यात्रा अनुभव प्रदान करेगा। स्टेशन का पुनर्विकास स्थानीय सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक पहचान को संरक्षित रखते हुए किया गया है, जिससे यह कानपुर की प्रगति का नया प्रवेशद्वार बनेगा। यह बातें सोमवार को उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने कहीं।

उत्तर प्रदेश के औद्योगिक नगर कानपुर स्थित पनकी धाम रेलवे स्टेशन का अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से व्यापक पुनर्विकास किया गया है। वर्ष 1981 में स्थापित इस स्टेशन का निर्माण कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर बढ़ते यात्री दबाव को कम करने तथा शहर के पश्चिमी और उपनगरीय क्षेत्रों को बेहतर रेल संपर्क उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया था। समय के साथ औद्योगिक विकास, नई आवासीय बस्तियों के विस्तार और पंचमुखी श्री हनुमान मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के कारण इसका महत्व लगातार बढ़ा।

पुनर्विकास के बाद स्टेशन पर दो मंजिला आधुनिक भवन, विशाल प्रतीक्षालय, एक्जीक्यूटिव लाउंज, रिटायरिंग रूम, आधुनिक टिकटिंग क्षेत्र, विस्तारित प्लेटफॉर्म शेल्टर, आधुनिक शौचालय, बेहतर पेयजल व्यवस्था और उन्नत यात्री सूचना प्रणाली विकसित की गई है। यात्रियों की सुविधा के लिए डिजिटल सूचना डिस्प्ले, स्पष्ट साइनेज और बेहतर प्रकाश व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है।

यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज और 6 मीटर चौड़ा अतिरिक्त फुट ओवर ब्रिज बनाया गया है। इसके अलावा रैंप, लिफ्ट और अन्य दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं भी विकसित की गई हैं। लगभग 4,500 वर्गमीटर क्षेत्र में सर्कुलेटिंग एरिया तैयार किया गया है, जिसमें अलग-अलग प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग, हरित क्षेत्र तथा बाधारहित आवागमन की व्यवस्था की गई है।

स्टेशन की वास्तुकला में पनकी धाम की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को विशेष स्थान दिया गया है। भवन के डिजाइन और कलात्मक स्वरूप में भगवान हनुमान से जुड़ी आस्था और स्थानीय संस्कृति की झलक दिखाई देती है। पनकी धाम स्थित प्रसिद्ध पंचमुखी श्री हनुमान मंदिर में प्रत्येक मंगलवार, शनिवार और हनुमान जयंती पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। साथ ही पनकी क्षेत्र औद्योगिक गतिविधियों का भी प्रमुख केंद्र है, जिससे यह स्टेशन धार्मिक पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उत्तर प्रदेश में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत विकसित किए जा रहे 156 रेलवे स्टेशनों में पनकी धाम रेलवे स्टेशन भी शामिल है। यह पुनर्विकसित स्टेशन आधुनिक रेल अवसंरचना, सांस्कृतिक विरासत और यात्री सुविधाओं का समन्वित उदाहरण बनकर उभरा है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story