संगठन को मजबूत करने के लिए तीन दिवसीय कानपुर-बुंदेलखंड दौरे पर रहेंगे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
संगठन को मजबूत करने के लिए तीन दिवसीय कानपुर-बुंदेलखंड दौरे पर रहेंगे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी


कानपुर, 06 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी सात से नौ जून तक कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के तीन दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वह कानपुर नगर, कानपुर देहात, जालौन, झांसी, ललितपुर और औरैया जनपदों में संगठनात्मक गतिविधियों में हिस्सा लेंगे तथा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्धजनों से संवाद करेंगे। पार्टी संगठन को मजबूत बनाने और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस दौरे में विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और जनसंपर्क कार्यक्रम भी शामिल हैं।

प्रदेश अध्यक्ष सात जून को कानपुर पहुंचकर क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल के बड़े भाई स्वर्गीय रामपाल के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। इसके बाद वह कानपुर देहात में प्रबुद्धजनों से भेंट, पार्टी पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक और अन्य कार्यक्रमों में भाग लेंगे। जालौन में कार्यकर्ता परिचय बैठक, विशिष्ट जनों से संवाद तथा विधायक खेल महोत्सव के अंतर्गत आयोजित विधानसभा प्रीमियर लीग के पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल होंगे।

आठ जून को झांसी में महारानी लक्ष्मीबाई पार्क में पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ वृक्षारोपण एवं स्वच्छता कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। इसके अलावा पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्धजनों के साथ विभिन्न बैठकों में हिस्सा लेंगे। इसके बाद ललितपुर में संगठनात्मक बैठकों और जनसंपर्क कार्यक्रमों में भाग लेने का कार्यक्रम निर्धारित है।

नौ जून को ललितपुर में दर्शन, स्वच्छता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम के बाद जिला कार्यालय में पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। इसके पश्चात औरैया में संगठनात्मक बैठकों में भाग लेते हुए पार्टी पदाधिकारियों, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। बाद में कानपुर पहुंचकर पद्मश्री डॉ. अशोक साहू के आवास पर शिष्टाचार भेंट के उपरांत लखनऊ के लिए रवाना होंगे।

मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने शनिवार को बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के पूरे प्रवास के दौरान भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल भी उनके साथ रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story