राजनीति में महिलाओं की भागीदारी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा महिला आरक्षण विधेयक : पंकज चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
राजनीति में महिलाओं की भागीदारी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा महिला आरक्षण विधेयक : पंकज चौधरी


लखनऊ, 16 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने गुरुवार को संसद में प्रस्तुत महिला आरक्षण विधेयक का स्वागत किया। उन्होंने विधेयक को देश की आधी आबादी के सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरगामी कदम बताया है।

उन्होंने कहा कि यह विधेयक केवल महिलाओं के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को बढ़ाने का माध्यम नहीं है, बल्कि उन्हें नीति निर्माण और निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी देकर देश के समग्र विकास को नई दिशा देने वाला है।

श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने हमेशा महिला सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। महिला आरक्षण विधेयक उसी दूरदर्शी सोच का परिणाम है, जिसमें महिलाओं को समान अवसर, सम्मान और अधिकार देने का संकल्प स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह विधेयक आने वाले समय में देश की राजनीति में महिलाओं की भागीदारी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में महिला सशक्तिकरण की दिशा में अभूतपूर्व कार्य हुआ है, जिसके ठोस परिणाम देशभर में दिखाई दे रहे हैं। आज 32 करोड़ से अधिक महिलाओं के जनधन खाते खोले जा चुके हैं, जिससे उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिला है। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत लगभग 68 प्रतिशत लाभार्थी महिलाएं हैं, जो आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इसके साथ ही 10 करोड़ से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त हो रही हैं।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने समाजवादी पार्टी(सपा) के मुखिया अखिलेश यादव की ओर से संसद में दिए गए उस बयान पर भी प्रतिक्रिया व्यक्त की, जिसमें उन्होंने मुस्लिम महिलाओं के लिए अलग से आरक्षण की बात कही थी। श्री चौधरी ने स्पष्ट किया कि भारत का संविधान धर्म के आधार पर आरक्षण की अनुमति नहीं देता है। उन्होंने कहा कि सपा नेतृत्व का यह बयान न केवल संवैधानिक मर्यादाओं के विपरीत है, बल्कि समाज में विभाजनकारी राजनीति को बढ़ावा देने वाला भी है। भारतीय जनता पार्टी “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के मूल मंत्र पर कार्य करती है, जहां हर वर्ग और समुदाय को समान अवसर देने की प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ा जाता है।

उन्होंने विपक्षी दलों से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक पहल का समर्थन करें और महिलाओं के सशक्तिकरण के इस अभियान में राजनीति से ऊपर उठकर सहयोग करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story