रूल अदा करने नहीं, बल्कि रोल अदा करने आया हूं : पंकज चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
रूल अदा करने नहीं, बल्कि रोल अदा करने आया हूं : पंकज चौधरी


2027 चुनाव से पहले भाजपा कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने का आह्वान

झांसी, 08 जून (हि.स.)। दो दिन के प्रवास पर पहली बार झांसी पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक बैठक में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए संबोधित किया। उन्होंने संगठनात्मक मजबूती और जमीनी सक्रियता पर जोर दिया। कहा कि वह “रूल अदा करने नहीं, बल्कि रोल अदा करने आए हैं”, जिसका अर्थ है कि उनका लक्ष्य केवल पद या औपचारिक जिम्मेदारी निभाना नहीं, बल्कि सक्रिय रूप से संगठन और जनता के बीच काम करना है। वह जिला कार्यकारिणी परिचय बैठक में बतौर मुख्य अतिथि कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष प्रदीप पटेल ने की।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2027 के लिए यदि मूल कार्यकर्ता उत्साह और समर्पण के साथ कार्य करेगा, तभी पार्टी की विजय संभव होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संगठन की सबसे महत्वपूर्ण शक्ति बताते हुए कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता सर्वोपरि है और उनकी सक्रिय भागीदारी ही सफलता की कुंजी है।

उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि बड़े संगठन में छोटी-मोटी कमियां हो सकती हैं, लेकिन इसे स्वाभाविक प्रक्रिया बताया। उन्होंने कहा कि बड़े परिवार में जैसे बर्तन आपस में टकराकर आवाज करते हैं, वैसे ही संगठन में भी मतभेद हो सकते हैं, लेकिन लक्ष्य एक ही रहना चाहिए।

नेता ने कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि यदि कार्य मन से नहीं किया गया तो वह केवल कागजों तक सीमित रह जाएगा। उन्होंने सुझाव दिया कि योजनाओं और उपलब्धियों को जनता तक सही तरीके से पहुंचाना जरूरी है, तभी उनका वास्तविक प्रभाव दिखाई देगा।

उन्होंने प्रदेश में कानून-व्यवस्था और विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि आज जनता सुरक्षा का अनुभव कर रही है और प्रदेश में भय का माहौल नहीं है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अभी कई क्षेत्रों में और सुधार की आवश्यकता है और पिछड़े क्षेत्रों को शीर्ष पर लाने का लक्ष्य होना चाहिए।

अंत में उन्होंने कार्यकर्ताओं से सोशल मीडिया पर फैल रहे भ्रामक और नकारात्मक प्रचार से सतर्क रहने की अपील की और कहा कि संगठन की ताकत उसके अनुशासन, संवाद और जमीनी संपर्क में ही निहित है।

इस अवसर पर क्षेत्रीय महामंत्री रामकिशोर साहू, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अशोक राजपूत, जिला प्रभारी संत विलास शिवहरे, राष्ट्रीय मंत्री किसान मोर्चा रामनरेश तिवारी, एम एल सी रमा निरंजन, एम एल सी डाॅ बाबूलाल तिवारी, महापौर बिहारी लाल आर्य, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता, राज्यमंत्री जमुना कुशवाहा, पूर्व एम एल सी श्याम सुंदर सिंह, राज्य महिला आयोग की सदस्य अनुपमा लोधी, कुलदीप सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष अरिदमन सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष संजय दुबे, पूर्व जिलाध्यक्ष डाॅ जगदीश सिंह चौहान, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक गिरी, जिला महामंत्री छत्रपाल सिंह राजपूत,जिला महामंत्री बद्री त्रिपाठी,डाॅ अनिल राज, जिला उपाध्यक्ष सहजेन्द्र सिंह बघेल, गुड्डी रानी पटेल, अमित चौरसिया, टीकाराम पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष देवेंद्र कंसाना, राजेंद्र कुशवाहा, दीपक त्रिपाठी, आशीष खरे, सुरेन्द्र पाठक, शिवेंद्र सिंह शैली आदि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story