मतदाताओं का नाम सूची में जुड़वाने के लिए कार्यकर्ता घर-घर पहुंचें : पंकज चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
मतदाताओं का नाम सूची में जुड़वाने के लिए कार्यकर्ता घर-घर पहुंचें : पंकज चौधरी


लखनऊ, 22 नवंबर (हि.स.)। राधे-राधे कहने पर उन्हें आपत्ति क्यों हो रही है? हम सनातन धर्म को मानने वाले हैं और ब्रज की पावन भूमि पर राधे-राधे कहना हमारी स्वाभाविक आस्था और संस्कृति का हिस्सा है। राधे-राधे के संबोधन पर विपक्षी दल के नेता का सवाल उठाना समझ से परे है। यह बातें रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने कही। वे सपा मुखिया के बयानों पर पलटवार कर रहे थे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने लखनऊ की उत्तर विधानसभा के फ़ैजुल्लगंज में आयोजित ‘मतदाता जोड़ो अभियान में मतदाताओं से संवाद करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और मतदाता सूची में किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए, इसके लिए पार्टी के कार्यकर्ता पूरे प्रदेश में अभियान चला रहे हैं।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मतदान हमारी सबसे बड़ी ताकत और सबसे बड़ा हथियार है। इसलिए प्रत्येक मतदाता की जिम्मेदारी है कि वह स्वयं मतदान केंद्र पर जाकर मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचे। यदि किसी कारणवश नाम छूट गया है या कोई त्रुटि है, तो निर्धारित समय के भीतर उसे ठीक कराने का प्रयास करें, ताकि चुनाव के समय मतदान से वंचित न रहना पड़े।

उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें और मतदाता सूची में नाम जुड़वाने में उनकी सहायता करें। पार्टी ने 22, 23 और 24 नवंबर को तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाया है, जिसमें विधायक, प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर की टीमों के साथ न्याय पंचायत प्रमुख, शक्ति केंद्र प्रमुख और बूथ प्रमुख सहित सभी कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जुटे हैं।

श्री चौधरी ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा 17 नवंबर से 17 दिसंबर तक एक महीने का विशेष अभियान (SSR) चलाया जा रहा है। इस दौरान मतदाता सूची में छूटे हुए नामों को जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 तथा किसी नाम पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फॉर्म-7 के माध्यम से आवेदन किया जा सकता है। इसलिये मतदाताओं से इस अवसर का लाभ उठाने और समय रहते आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की अपील की।

फ़ैजुल्लगंज में आयोजित ‘मतदाता जोड़ो अभियान में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ प्रदेश उपाध्यक्ष नीरज सिंह, विधायक डा.नीरज बोरा, प्रदेश मंत्री अवधेश श्रीवास्तव व प्रदेश मीडिया सह संयोजक हिमांशु दुबे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781454 Articles

Share this story