सात दशकों के संघर्ष के बाद महिलाओं को मिलेगा उनका अधिकार : पंकज चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
सात दशकों के संघर्ष के बाद महिलाओं को मिलेगा उनका अधिकार : पंकज चौधरी


-महिलाओं को हक देने से क्यों कतरा रहा है 'इंडी' अलायंस

लखनऊ, 29 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने रविवार काे विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सात दशकों के लंबे संघर्षों के बाद आखिर अब वह ऐतिहासिक दिन आया है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की महिलाओं को नीति निर्धारण में उनका वास्तविक अधिकार मिलेगा। कांग्रेस, सपा और उनके सहयोगी दलों ने जो कभी सोचा भी नहीं था, वह आज होने जा रहा है, इसलिए विपक्षी दलों को इस कार्य के लिए साथ आना चाहिए।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने जारी बयान में कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और 'इंडी' अलायंस के दल शुरू से ही महिला आरक्षण के विरोधी रहे हैं और यही कारण है कि वे अब परिसीमन बिल का भी विरोध कर रहे हैं। परिसीमन लागू होने के बाद 33 प्रतिशत महिला आरक्षण को प्रभावी ढंग से समायोजित करने में बड़ी सुविधा होगी तथा मातृशक्ति और आधी आबादी को राजनीति से लेकर नीति निर्धारण तक उनका वास्तविक अधिकार मिलेगा।

उन्होंने कहा कि परिसीमन बिल कहीं न कहीं एक संवैधानिक और व्यावहारिक प्रक्रिया है। वैश्विक मानकों का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि अमेरिका में एक लोकसभा सीट की अधिकतम जनसंख्या 8 लाख, ब्राज़ील में लगभग 1.6 लाख और जर्मनी में करीब 1.33 लाख है, जबकि भारत में एक लोकसभा सीट पर औसतन 27 लाख की आबादी है और सीटों की संख्या 850 होने के बाद भी यह आंकड़ा लगभग 17 लाख रहेगा, जो दुनिया के अन्य देशों की तुलना में अधिक है।

श्री चौधरी ने कहा कि परिसीमन होने के बाद जब सीटों और संख्याओं का संतुलन बनता है, तो आम जनता को अपने जनप्रतिनिधियों से मिलने का बेहतर अवसर मिलता है और काम की गुणवत्ता में भी सुधार होता है। उन्होंने विपक्षी दलों की बैठकों और विरोध पर कहा कि लोकतंत्र में विरोध करने का अधिकार सभी को है, लेकिन राष्ट्रहित और समाज के अच्छे कार्यों का समर्थन होना चाहिए और संवाद व बातचीत होती रहनी चाहिए।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट 'सशक्त नारी, सबकी जिम्मेदारी' का संदेश साझा करते हुए लिखा कि देश में परिसीमन बिल लागू होने के बाद राजनीति से लेकर विभिन्न क्षेत्रों में मातृशक्ति और जगत जननी आधी आबादी के अधिकार बढ़ेंगे। इससे देश के विकास में नारी शक्ति का योगदान और अधिक सशक्त होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785463 Articles

Share this story