अजय राय के बयान पर माफी मांगें कांग्रेस नेतृत्व : पंकज चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
अजय राय के बयान पर माफी मांगें कांग्रेस नेतृत्व : पंकज चौधरी


लखनऊ, 22 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय द्वारा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति की गई अभद्र एवं अमर्यादित टिप्पणी अत्यंत निंदनीय, दुर्भाग्यपूर्ण और कांग्रेस पार्टी की हताश मानसिकता को प्रदर्शित करने वाली है। चौधरी ने कांग्रेस नेतृत्व से मांग की कि वे तत्काल इस बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें और अपने नेताओं को संयमित एवं मर्यादित भाषा का प्रयोग करने की सीख दें।

पंकज चौधरी ने कहा यह बयान केवल प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि देश की 140 करोड़ जनता की भावनाओं का भी अपमान है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के विकास, सुरक्षा और सम्मान के प्रतीक के रूप में देखती है।

उन्होंने अजय राय के बयान को निम्नस्तरीय बताते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी आज राजनीतिक रूप से पूरी तरह दिशाहीन और जनसमर्थन विहीन हो चुकी है। जब जनता के बीच उनके पास विकास, सुशासन, गरीब कल्याण, राष्ट्र निर्माण और जनहित के मुद्दों पर कहने के लिए कुछ नहीं बचता, तब उनके नेता व्यक्तिगत टिप्पणियों और अपमानजनक भाषा का सहारा लेकर अपनी कुंठा प्रकट करते हैं।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस प्रधानमंत्री ने अजय राय के अस्वस्थ होने पर सार्वजनिक रूप से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की थी, आज उसी संवेदनशील और जनसेवा के लिए समर्पित प्रधानमंत्री के लिए कांग्रेस नेता अमर्यादित शब्दों का प्रयोग कर रहे हैं। कांग्रेस की तथाकथित “मोहब्बत की दुकान” का वास्तविक चेहरा आज देश के सामने पूरी तरह उजागर हो चुका है। उनके शब्दों में कटुता, व्यवहार में अहंकार और राजनीति में केवल विभाजन एवं नकारात्मकता दिखाई देती है।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story