मथुरा व काशी के बाद 12 जनवरी को अयोध्या दौरे पर रहेंगे पंकज चौधरी

WhatsApp Channel Join Now
मथुरा व काशी के बाद 12 जनवरी को अयोध्या दौरे पर रहेंगे पंकज चौधरी


लखनऊ, 11 जनवरी (हि.स.)। केन्द्रीय वित्त राज्यमंत्री व भारतीय जनता पार्टी के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी 12 जनवरी को बाराबंकी व अयोध्या के दौरे पर रहेंगे। रास्ते में जगह—जगह उनके स्वागत की तैयारी की गयी है। लखनऊ से निकलने पर सबसे पहले पॉलिटेक्निक मोड़ के निकट, वेव सिनेमा के सामने लखनऊ पूर्वी विधानसभा के विधायक ओ.पी.श्रीवास्तव के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता स्वागत करेंगे। विधायक ओपी श्रीवास्तव स्वागत की तैयारी में जुटे हैं। उन्होंने पूरे विधानसभा के कार्यकर्ताओं को स्वागत में बुलाया है। बाराबंकी की सीमा पर पहुँचने पर बाराबंकी के कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया जायेगा।

वहीं अयोध्या जिले की सीमा में प्रवेश करने पर रूदौली के विधायक रामचन्द्र यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ता पंकज चौधरी का स्वागत करेंगे। वहीं रूदौली के बाद रास्ते में बीकापुर के विधायक डा.अमित सिंह प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करेंगे। इसके बाद अयोध्या महानगर में प्रवेश करने पर अयोध्या के विधायक वेद प्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में कार्यकर्ता प्रदेश अध्यक्ष का भव्य स्वागत करेंगे। इसके बाद कार्यकर्ताओं के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी श्रीरामलला के दिव्य दर्शन कर संगठन एवं राष्ट्र की समृद्धि के लिए प्रार्थना करेंगे। सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता समय से उपस्थित होकर कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story