2027 में उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार बनेगी भाजपा सरकार : पंकज चौधरी
आगरा,27 दिसंबर (हि स)। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी शनिवार को मथुरा में बांके बिहारी मंदिर में दर्शन पूजन के बाद आगरा पहुंचे। कार्यकर्ताओं द्वारा फूलमालाओं से उनका शंखनाद और फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष ने बृज क्षेत्र के सभी जनपदों से आए जनप्रतिनिधि और पदाधिकारीयों की बैठक को संबोधित किया।
पंकज चौधरी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के उपरान्त प्रथम बार आगरा आगमन के अवसर पर शनिवार को प्रशांत पोनियाँ जिलाध्यक्ष व राजकुमार गुप्ता महानगर अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी के संयुक्त नेतृत्व में पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा आगरा जनपद में पहुंचने पर थानाक्षेत्र सिकंदरा अन्तर्गत सींगना मोड पर स्वागत किया गया। स्वागत कार्यक्रम में आगरा से भाजपा सांसद प्रो0 एस0पी0 सिह बघेल, विधायक फतेहपुर सीकरी भाजपा चौ0 बाबूलाल, विधायक बाह (भाजपा) रानीपक्षालिका, विधायक खेरागढ भाजपा भगवान सिह कुशवाह, मंत्री बेबी रानी मौर्य, धर्मपाल सिंह आदि सम्मिलित रहे। प्रदेश अध्यक्ष के आते ही शंखनाद कर 151 किलो की माला पहनाकर हुआ स्वागत। स्वागत के उपरान्त वहां से स्वागत जुलूस चार पहिया वाहन, 60-70 मोटर साइकिल) प्रारम्भ होकर बोदला रोड, मारुति स्टेट, मानसनगर, साकेत कालोनी, पंचकुईया चैराहा, सुभाष पार्क, कलेक्ट्रेट होते हुए थाना क्षेत्र सदर बाजार अंतर्गत एक होटल में समय करीब 15.45 बजे पहुॅचने के उपरान्त ब्रज क्षेत्र के सभी 19 संगठनात्मक जनपदों के जन प्रतिनिधियों, पार्टी जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों, पूर्व प्रत्याशियों के साथ बैठक आयोजित की गयी।
बड़ी संख्या में मौजूद भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर उत्साह और संगठनात्मक एकजुटता का प्रदर्शन किया। भ्रमण मार्ग में कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों के साथ स्वागत किया। स्वागत कार्यक्रम के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए संगठन को और अधिक मजबूत करने का संदेश दिया।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनहितकारी नीतियों और योजनाओं की वजह से वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी। अपने निर्वाचन के बाद पहली बार आगरा पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसा दल है, जहां एक सामान्य कार्यकर्ता भी मेहनत और निष्ठा के बल पर प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे शीर्ष पदों तक पहुंच सकता है।
जिला अध्यक्ष प्रशांत पोनियाँ ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष ने सभी ब्रज क्षेत्र के सभी जनपदों से आए जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ पदाधिकारियों को संगठन की मजबूती और उत्तर प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए टिप्स दिए हम लोग उनके निर्देशों के अनुरूप संगठन को आगे बढ़ाने के लिए कार्य करते रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

