जिलाधिकारी के मौरंग खदान पहुंचते ही मचा हड़कंप, बड़ी कार्रवाई
23 वाहनों के चालान कर 12.63 लाख रुपये का जुर्माना14 वाहनों से जमा कराए गए 7.80 लाख रुपये
हमीरपुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में अवैध खनन, ओवरलोडिंग और खनिजों के अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। सोमवार को शाम जिलाधिकारी अशोक कुमार ने हमीरपुर तहसील के पत्योरा गांव स्थित खदान खंड संख्या 31/8 का औचक निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को नियमों का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना वैध प्रपत्रों के खनिज परिवहन और ओवरलोडिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, खान अधिकारी विकास सिंह परमार और खान निरीक्षक उमाकांत मौजूद रहे। सोमवार को शाम अपर जिलाधिकारी ने बताया कि डीएम ने खदान क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही पर निगरानी रखने और वैकल्पिक रास्तों से होने वाले संभावित अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाने के निर्देश दिए। वाहनों के वजन की जांच के लिए स्थापित धर्मकांटे का बांट-माप विभाग से सत्यापन और प्रमाणन कराने को भी कहा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बिना वैध रॉयल्टी और आवश्यक ई-फॉर्म या एम-फॉर्म के खनिज परिवहन, ओवरलोडिंग तथा अवैध खनन पाए जाने पर पट्टाधारक सहित जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
23 वाहनों पर 12.63 लाख का जुर्मानाखान अधिकारी ने बताया कि 22 से 26 अक्टूबर के बीच भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय तथा जनपद की संयुक्त टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। इस दौरान अवैध खनिज परिवहन और ओवरलोडिंग में लिप्त पाए गए 23 वाहनों के ऑनलाइन चालान कर कुल 12,63 लाख रुपये का जुर्माना किया गया है। इनमें से 14 वाहनों के मामले में 7.80 लाख रुपये राजकीय कोष में जमा कराए जा चुके हैं।
पांच टीमें कर रहीं निगरानीजिलाधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि हमीरपुर जिले में अवैध खनन और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए जनपद स्तर पर चार विशेष टीमें गठित की गई हैं, जबकि एक अतिरिक्त टीम भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय स्तर से बनाई गई है। अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व की अध्यक्षता में खनन विभाग की टीमें दिन और रात जांच व चेकिंग कर रही हैं। अवैध खनन पर कड़ी कार्रवाई की अमल में लायी जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

